इंदिरानगर तिराहे से हरिफाटक ओवरब्रिज तक 3.536 किमी लंबा होगा एलिवेटेड कॉरिडोर
* 330 करोड़ रुपए की लागत से होगा सिविल वर्क
Newjline.com । उज्जैन शहर के आगर रोड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने वाली बहुप्रतीक्षित एलिवेटेड ब्रिज परियोजना का आज शुभारंभ होने जा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार शाम उज्जैन पहुंचकर इंदिरानगर तिराहे से हरिफाटक ओवरब्रिज तक बनने वाले एलिवेटेड ब्रिज का भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री के उज्जैन आगमन और स्थानीय कार्यक्रम का कार्यक्रम जारी हो चुका है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को दिनभर मेहर और रीवा के कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम करीब 6 बजे हेलीकॉप्टर से उज्जैन पहुंचेंगे। इसके बाद उज्जैन में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी दौरान आगर रोड एलिवेटेड ब्रिज के भूमिपूजन का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
3.536 किलोमीटर लंबा होगा एलिवेटेड ब्रिज
लोक निर्माण विभाग की टेंडर प्रक्रिया के अनुसार प्रस्तावित परियोजना चिमनगंज मंडी (इंदिरानगर) चौराहे से हरिफाटक फ्लायओवर तक विकसित की जाएगी। इसकी लंबाई लगभग 3.536 किलोमीटर होगी। परियोजना में चार लेन का एलिवेटेड स्ट्रक्चर और उसके साथ सर्विस रोड का निर्माण प्रस्तावित है।
यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त यातायात मार्गों में शामिल है। आगर रोड से इंदौर गेट, चिमनगंज मंडी और हरिफाटक की ओर बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। वर्तमान में चौराहों और रेलवे क्षेत्र के आसपास यातायात दबाव के कारण लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। एलिवेटेड कॉरिडोर बनने के बाद मुख्य यातायात को ऊपर से निकालने की योजना है, जिससे नीचे के मार्ग पर भी यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।
330 करोड़ रुपए में होगा निर्माण
परियोजना के निर्माण की लागत करीब 330 करोड़ रुपए बताई गई है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और रवि इंफ्राबिल्ड को ज्वाइंट वेंचर में निर्माण का ठेका दिया गया है। कंपनी हाईवे, ब्रिज और अन्य बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के निर्माण में काम करती है।
सिंहस्थ की तैयारियों में भी महत्वपूर्ण परियोजना
उज्जैन में सिंहस्थ-2028 को देखते हुए शहर की सड़क और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। आगर रोड का यह एलिवेटेड ब्रिज भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। महाकाल मंदिर और शहर के अन्य प्रमुख क्षेत्रों की ओर आने-जाने वाले वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए यह कॉरिडोर भविष्य में यातायात को सुगम बनाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बदलाव
मुख्यमंत्री का बुधवार का कार्यक्रम पहले सुबह उज्जैन आने का था, लेकिन कार्यक्रम में बदलाव के बाद अब वे शाम को उज्जैन पहुंचेंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 6 बजे से 6.20 बजे के बीच हेलीकॉप्टर से उज्जैन पहुंचेंगे। इसके बाद स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और लोक निर्माण विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
आगर रोड पर बनने वाला यह एलिवेटेड ब्रिज शहर के यातायात ढांचे में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। भूमिपूजन के साथ ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के धरातल पर उतरने का रास्ता साफ हो जाएगा।















