उज्जैन की जेल में यह क्या हुआ…!

Newjline.com

उज्जैन। आमतौर पर अनुशासन और सख्ती के लिए पहचानी जाने वाली उज्जैन की केंद्रीय जेल भैरवगढ़ इन दिनों एक वायरल वीडियो को लेकर सुर्खियों में है। जेल अधीक्षक के जन्मदिन पर जेल परिसर में आयोजित समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वर्दी पहने डिप्टी जेलर और अन्य जेल कर्मचारी फिल्म अभिनेता गोविंदा के लोकप्रिय गीत “आपके आ जाने से…” पर जमकर थिरकते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई को जेल अधीक्षक मनोज साहू का जन्मदिन मनाने के लिए जेल परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था। समारोह में केक काटा गया, ऑर्केस्ट्रा बुलाया गया और अधिकारियों व कर्मचारियों ने फिल्मी गीतों पर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी जमकर चर्चा हो रही है।
वायरल वीडियो में डिप्टी जेलर सुरेश गोयल का डांस सबसे अधिक लोगों का ध्यान खींच रहा है। वहीं, कई अन्य कर्मचारी भी उनके साथ डांस करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे तनाव दूर करने का माध्यम बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग जेल जैसे संवेदनशील परिसर में इस तरह के आयोजन पर सवाल उठा रहे हैं।
इधर, डिप्टी जेलर सुरेश गोयल ने सफाई देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम जेल अधीक्षक के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित किया गया था। उनका कहना है कि दिनभर के कामकाज के बाद कर्मचारियों का तनाव कम करने और आपसी सौहार्द बढ़ाने के उद्देश्य से यह सांस्कृतिक आयोजन किया गया था।