MP आईपीएस अफसरों की जिम्मेदारियां बदलीं, चंचल शेखर खेल विभाग पहुंचे

* अंशुमान यादव की पुलिस मुख्यालय में वापसी, साइबर की भी कमान; अनिल कुमार और डी. श्रीनिवास वर्मा को अतिरिक्त प्रभार
भोपाल। मध्यप्रदेश में पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल हुआ है। गृह विभाग ने दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए कई अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। नए आदेश के बाद पुलिस मुख्यालय से लेकर खेल एवं युवा कल्याण विभाग तक महत्वपूर्ण पदों पर नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
1995 बैच के आईपीएस अधिकारी चंचल शेखर को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, विशेष सशस्त्र बल के पद से हटाकर संचालक, खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं 1998 बैच के आईपीएस अंशुमान यादव की खेल विभाग से पुलिस मुख्यालय में वापसी हुई है। उन्हें अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, आसूचना के साथ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, साइबर का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
इसके अलावा 1993 बैच के आईपीएस अनिल कुमार, विशेष पुलिस महानिदेशक, महिला सुरक्षा को विशेष पुलिस महानिदेशक, अजाक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वहीं 1997 बैच के आईपीएस डी. श्रीनिवास वर्मा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, नारकोटिक्स एवं विशेष कार्य बल को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, विशेष सशस्त्र बल एवं सशस्त्र बल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
गृह विभाग की सचिव शिल्पा गुप्ता ने राज्यपाल के नाम से इस संबंध में आदेश जारी किया है। माना जा रहा है कि इन बदलावों के बाद पुलिस मुख्यालय और संबंधित विभागों में कामकाज की जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेगा।