- अक्तूबर में गर्मी के तेवर बरकरार, दिन का तापमान 36 डिग्री पर कायम, कम बारिश के असर से मौसम में तपन
14 अक्टूबर बुधवार
मअहल की नगरी में अक्टूबर का आधे से ज्यादा महीना बीतने के बाद भी गर्मी के तेवर कम नहीं हो रहे हैं। दिन के साथ अब रात का तापमान भी बढ़ने लगा है। इस बार बारिश कम होने के कारण मौसम में अपेक्षित ठंडक महसूस नहीं हो रही। महीने की शुरुआत से ही अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस या इससे ऊपर बना हुआ है।
मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री बढ़कर 21 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। रात के तापमान में इस उछाल से मौसम में गर्माहट बनी हुई है। आमतौर पर इस तरह की तपन गर्मी के दिनों में महसूस होती है, लेकिन अक्टूबर के मध्य में भी गर्मी का असर बना रहना लोगों को परेशान कर रहा है।
बारिश कम हुई, ठंडक का इंतजार
इस बार कम बारिश के बीच अक्टूबर में भी तापमान ऊंचा बना हुआ है। दिन में तेज धूप और रात में बढ़ते पारे के कारण मौसम से राहत नहीं मिल पा रही है। आमतौर पर अक्टूबर में मानसून की विदाई के बाद मौसम धीरे-धीरे ठंडा होने लगता है, लेकिन उज्जैन में फिलहाल गर्मी के तेवर बरकरार हैं। अब लोगों को रात के तापमान में गिरावट और मौसम में ठंडक घुलने का इंतजार है।











