महाकाल की शरण में ‘महादेव’…बोले आज शब्द नहीं मेरे पास

  • एक्टर मोहित रैना ने पत्नी अदिति शर्मा के साथ किए बाबा महाकाल के दर्शन

उज्जैन से प्रतीक नागर

17 अक्टूबर, शनिवार
टीवी धारावाहिक ‘देवों के देव…महादेव’ में भगवान शिव की भूमिका निभाकर घर-घर में लोकप्रिय हुए प्रसिद्ध अभिनेता मोहित रैना शनिवार सुबह ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर की भस्म आरती में शामिल हुए। उन्होंने पत्नी अदिति शर्मा के साथ बाबा महाकाल के दर्शन किए। भस्म आरती के आध्यात्मिक वातावरण और बाबा के दिव्य दर्शन से अभिनेता अभिभूत नजर आए।
दर्शन के बाद मोहित रैना ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, “मेरे पास शब्द नहीं हैं, जिनसे यहां की अनुभूति को व्यक्त कर सकूं। बाबा की कृपा से ही यहां आया हूं। जब तक बाबा का बुलावा नहीं आता, तब तक कोई यहां नहीं आ सकता।
मोहित रैना की पत्नी अदिति शर्मा मनोरंजन जगत से जुड़ी नहीं हैं, बल्कि तकनीकी क्षेत्र की पृष्ठभूमि से आती हैं। दोनों की मुलाकात साझा मित्रों के माध्यम से हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदली और दोनों ने 1 जनवरी 2022 को राजस्थान में पारिवारिक समारोह में विवाह किया। दंपती के घर मार्च 2023 में बेटी का जन्म हुआ था। भगवान शिव की भूमिका से विशेष पहचान बनाने वाले मोहित रैना के लिए बाबा महाकाल के दर्शन का अनुभव खास रहा। उनके भावों से साफ झलका कि महाकाल की नगरी में बिताए ये पल उनके लिए केवल दर्शन नहीं, बल्कि आस्था और आध्यात्मिक अनुभूति से जुड़ा अवसर थे।