चार संस्थाओं से सात दिन में जवाब तलब, नहीं तो कानूनी कार्रवाई, दशहरा से पहले महाकाल नगरी में कानूनी जंग के आसार
14 अक्टूबर बुधवार
नवरात्रि के बाद दशहरा मनाया जाएगा और इस दिन रावण का दहन भी शहर के कई स्थानों पर किया जाएगा लेकिन उज्जैन में इस बार रावण दहन के विरुद्ध छिड़ी जंग ने कानूनी लड़ाई का रूप ले लिया है। अभा युवा ब्राह्मण समाज की ओर से अभिभाषक ने चार संस्थाओं को नोटिस थमा दिए हैं और पूछा गया है कि किस शास्त्र के आधार पर रावण दहन कर रहे। सात दिन के अंदर जवाब न देने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समाज दशहरे से पहले इस तरह के पोस्टर लगाकर भी लोगों को जागरूक करेगा…

अभा युवा ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश पुजारी पिता प्रेमनारायण पुजारी निवासी नईपेठ की ओर से अभिभाषक अश्विन चौधरी ने ये नोटिस जारी किए हैं। इसमें शास्त्रों और श्री रामचरितमानस का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि रावण दहन के माध्यम से भ्रामक प्रचार प्रसार किया जा रहा है, जो कि उचित नहीं है और इससे रावण की छवि और चरित्र को कलंकित किया जा रहा है। इससे ब्राह्मण समाज की छवि भी खराब हो रही है और सनातन धर्म के प्रति जनता में अविश्वास बढ़ रहा है। नोटिस में अभिभाषक चौधरी ने कहा है कि आप संस्थाओं द्वारा आश्विन शुक्ल दशमी को रावण दहन किया जा रहा है तो मेरे पक्षकार को अवगत कराएं कि कौनसे शास्त्र और कौनसे पुराण में इस तिथि को रावण का वध हुआ था। यदि सात दिन के अंदर मेरे पक्षकार को इसका स्पष्टीकरण नहीं दिया गया तो वैधानिक कार्रवाई के लिए बाध्य होना पड़ेगा। नोटिस में पद्मपुराण, वाल्मीकि रामायण और स्कंद पुराण के आधार पर कहा गया है कि रावण का वध चैत्र शुक्ल चतुर्दशी को हुआ था। नोटिस 11 अक्टूबर को जारी किए गए हैं।
ये पूछे सवाल
* पुराणों और शास्त्रों के अनुसार रावण का वध चैत्र कृष्ण पक्ष चतुर्दशी को हुआ था तो आश्विन शुक्ल दशमी को रावण दहन किस आधार पर किया जा रहा?
* भगवान श्री राम के बाण से रावण को मोक्ष प्राप्त हुआ था तो प्रति वर्ष रावण दहन किस आधार पर किया जा रहा?
* रावण का दहन असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक स्वरूप किया जाता है तो गलत तिथि पर दहन कर क्या असत्य का प्रचार नहीं किया जा रहा?
इन चार संस्थाओं को नोटिस
1. लाला ओम अमरनाथ खत्री दशहरा उत्सव समिति, संयोजक शिवा खत्री पिता स्व. ओम खत्री निवासी राजस्व कॉलोनी, उज्जैन।
2. कार्तिक मेला दशहरा उत्सव समिति संयोजक चेतन यादव।पिता प्रेमनारायण यादव निवासी होटल अजय देवासगेट, उज्जैन।
3. सिद्धवट दशहरा उत्सव समिति संयोजक राघवेंद्र चतुर्वेदी पिता सुरेन्द्र चतुर्वेदी निवासी 10, माणक चौक, भैरवगढ़, उज्जैन।
4. शास्त्रीनगर दशहरा उत्सव समिति संयोजक विजयसिंह दरबार पिता सौभाग्यसिंह दरबार, निवासी शास्त्री नगर, उज्जैन।
श्रीराम के तीर से रावण के दो तीन टुकड़े होंगे
शास्त्रीनगर में इस बार भी 21 अक्टूबर को रावण दहन का आयोजन होगा। संयोजक विजयसिंह दरबार ने बताया सवा 121 फीट का ऊंचा रावण दहन किया जाएगा। श्रीराम के तीर से रावण के दो तीन टुकड़े होते भी दिखाई देंगे। आकर्षक और रंगारंग आतिशबाजी भी की जाएगी। कॉलोनी के नवयुवकों द्वारा ही इसका निर्माण किया जा रहा है। दूसरी ओर दशहरा मैदान पर दहन होने वाले रावण का निर्माण दशहरा मैदान पर ही चल रहा है। इस पर अब रंग रोगन भी होने लगा है। रात में भी काम किया जाकर एक दो दिन में इसे तैयार कर दिया जाएगा।











