“चारों तरफ जलप्रलय था… गांव का नामोनिशान मिट रहा था… लेकिन सैलाब के बीच एक घर अब भी खड़ा था।”
काठमांडू। कल्पना कीजिए… आंखों के सामने पूरा गांव पानी और मलबे के सैलाब में बह रहा हो। बड़े-बड़े मकान भरभराकर गिर रहे हों, वाहन पानी में खिलौनों की तरह पलट रहे हों और चट्टानों से लेकर एस्बेस्टस की चादरें तक तेज बहाव में दौड़ रही हों। ऐसे खौफनाक मंजर के बीच एक दो मंजिला मकान ऐसा भी था, जो मौत के सैलाब के सामने सीना ताने खड़ा रहा और परिवार की जिदगी बचा ली, जबकि पूरा गांव बह गया।
नेपाल-तिब्बत सीमा के पास बसे एक गांव का यह वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि 26 अगस्त को अचानक आई फ्लैश फ्लड ने पूरे इलाके को तहस-नहस कर दिया। देखते ही देखते पानी और कीचड़ ने गांव को अपने आगोश में ले लिया।
वीडियो में चारों तरफ सिर्फ तबाही दिखाई देती है। कहीं मकान बह रहे हैं तो कहीं वाहन तेज बहाव में पलटते नजर आते हैं। भारी मलबा पानी के साथ इस रफ्तार से दौड़ रहा है कि कुछ ही सेकंड में मजबूत ढांचे भी धराशायी हो जाते हैं। इसी खौफनाक मंजर के बीच फिरोजी रंग का दो मंजिला मकान कैमरे में कैद होता है। पानी और कीचड़ की लहरें चारों तरफ से मकान को घेर लेती हैं। बड़े-बड़े पत्थर और मलबा उसकी दीवारों से टकराते हैं। ऐसा लगता है कि अब अगली लहर इस घर को भी अपने साथ बहा ले जाएगी, लेकिन… अगली लहर आती है, फिर दूसरी… फिर तीसरी। मलबा टकराता रहता है, आसपास की जमीन कटती जाती है, मगर मकान अपनी जगह से नहीं हिलता।
बालकनी में फंसी जिंदगी
इस वीडियो का सबसे डरावना हिस्सा मकान की दूसरी मंजिल पर दिखाई देता है। बालकनी में एक परिवार के कम से कम तीन लोग फंसे नजर आते हैं। नीचे उफनता हुआ कीचड़ और मलबे का सैलाब है। उनके पास बचने का कोई रास्ता नजर नहीं आता।
हर पल ऐसा लगता है कि घर अब गिरा कि तब गिरा। लेकिन प्रकृति के इस रौद्र रूप के सामने वह मकान आखिर तक मजबूती से खड़ा रहता है। आसपास का इलाका मलबे में बदल गया, कई ढांचे बह गए, लेकिन यह घर जैसे तबाही के बीच जिंदगी की आखिरी उम्मीद बनकर खड़ा रहा।
वीडियो सामने आने के बाद लोग यही सवाल पूछ रहे हैं—आखिर इस मकान में ऐसा क्या था कि जिस सैलाब ने आसपास के बड़े-बड़े ढांचे बहा दिए, उसके सामने यह घर नहीं झुका?
नेपाल की इस बाढ़ का यह वीडियो सिर्फ तबाही नहीं दिखाता, बल्कि यह भी दिखाता है कि प्रकृति के सबसे विकराल रूप के बीच भी कभी-कभी कोई एक चीज ऐसी सामने आ जाती है, जो सबको हैरान कर देती है।














