* नरसिंहपुर में प्यारेलाल ने सुसाइड नोट भी छोड़ा और वीडियो भी बनाया
“एक वीडियो… जिसमें एक शख्स अपनी जिंदगी खत्म करने से पहले अपनी पूरी दास्तान सुनाता नजर आया। फिर कुछ ही देर बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।”
मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में प्यारेलाल कुशवाहा की मौत के बाद सामने आए इस वीडियो ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है। वीडियो में उसने अपने मामा के बेटों पर पत्नी को कथित रूप से प्रेमजाल में फंसाने, अश्लील तस्वीरों से ब्लैकमेल करने और दुष्कर्म करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। प्यारेलाल ने वीडियो में कहा कि ‘दो लोगों ने मेरा परिवार पूरी तरह बर्बाद कर दिया और मुझे ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया कि मुझे यह कदम उठाना पड़ा।’ उसने अपने छोटे मामा के बेटे रवि कुशवाहा पर आरोप लगाया कि उसने उसकी पत्नी को कथित रूप से झूठे प्रेमजाल में फंसाया और उसकी अश्लील तस्वीरें अपने मोबाइल में रख लीं। वीडियो में प्यारेलाल ने दावा किया कि तस्वीरों और वीडियो कॉल के जरिए पत्नी को कथित तौर पर ब्लैकमेल किया गया। उसका आरोप था कि करीब एक साल तक पत्नी का शोषण किया जाता रहा।
वकील मामा के बेटे पर भी गंभीर आरोप
प्यारेलाल ने अपने बड़े मामा के बेटे अमित कुशवाहा, जो वकील बताया गया है, पर भी पत्नी के साथ लगातार दुष्कर्म करने और दबाव बनाने का आरोप लगाया। उसने दावा किया कि उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकियां भी दी जाती थीं।
इन आरोपों के बीच कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद किया है। पुलिस अब वीडियो और सुसाइड नोट में सामने आई बातों को जांच का हिस्सा बना रही है।
मौत से पहले लगाई इंसाफ की गुहार
प्यारेलाल ने अपने आखिरी वीडियो में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कलेक्टर और प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वीडियो में उसके शब्द और लगाए गए आरोप अब पुलिस जांच के केंद्र में हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वीडियो और सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।











