बाढ़ में बहता आया ‘लॉकर’, टूटा तो निकले 92 लाख!

* नोट बटोरने दौड़े लोग, 29 गिरफ्तार, पुलिस के सामने बड़ी पहेली यह कि आखिर आया कहां से और किस बैंक का

“बाढ़ अपने साथ तबाही लेकर आई थी, लेकिन धादिंग में उसी बाढ़ ने ऐसा ‘खजाना’ भी पहुंचा दिया, जिसे खोलते ही 29 लोग पुलिस के घेरे में आ गए।”
कल्पना कीजिए… चारों तरफ बाढ़ का पानी हो और उसी तेज बहाव में अचानक एक बैंक का लॉकर बहता हुआ सामने आ जाए। नेपाल के धादिंग में कुछ ऐसा ही हुआ। लोगों ने लॉकर देखा तो उसे खोलने की कोशिश शुरू कर दी। लॉकर टूटा तो अंदर नोटों का ढेर देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें खुली की खुली रह गईं।
इसके बाद जो हुआ, वह किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था। लॉकर से नकदी निकालने की होड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और नोट निकाल रहे 29 लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से 9 लाख 68 हजार 505 नेपाली रुपये बरामद किए हैं।
रासुवा से उठा सैलाब, धादिंग तक पहुंचा लॉकर
कहानी शुरू होती है नेपाल के रासुवा और ऊपरी पहाड़ी इलाकों में हुई भीषण बारिश से। लगातार बारिश के बाद बाढ़ का पानी तेजी से नीचे आया और त्रिशूली नदी उफान पर आ गई। नदी का बहाव इतना तेज था कि अपने रास्ते में आने वाली चीजों को बहाता चला गया। इसी दौरान एक बैंक का लॉकर भी पानी की चपेट में आ गया और बहते-बहते धादिंग तक पहुंच गया। जब लोगों को दिखाई दिया तो कौतूहल बढ़ गया।

अब सबसे बड़ा सवाल—लॉकर आया कहां से?
नेपाल पुलिस के प्रवक्ता डीआईजी अबी नारायण काफ्ले के अनुसार, सभी 29 संदिग्धों को धादिंग जिला पुलिस कार्यालय में रखा गया है और मामले की जांच जारी है। लेकिन कहानी का सबसे बड़ा रहस्य अभी बाकी है—यह लॉकर आखिर किस बैंक का था और किस शाखा से बहकर आया? बैंक का नाम और शाखा की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।