* नानाखेड़ा क्षेत्र के कृष्णा परिसर में वारदात, सीसीटीवी में कैद हुए चार बदमाश
उज्जैन। शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। नानाखेड़ा थाना क्षेत्र की कृष्णा परिसर कॉलोनी में बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार दो दिन के लिए जयपुर गया था और पीछे से चोरों ने मकान का ताला तोड़कर साढ़े तीन लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण समेत लाखों का माल समेट लिया। वारदात के बाद पूरे घर का सामान बिखरा छोड़ दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कृष्णा परिसर निवासी ममता सोनी अपने तीन बच्चों के साथ दो दिन पहले जयपुर गई थीं। सोमवार सुबह करीब 10 बजे घर लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर पहुंचते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अलमारी, पलंग पेटी, सूटकेस और अन्य सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोर घर का कोना-कोना खंगाल चुके थे।
पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश करीब 40 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 500 ग्राम चांदी के जेवर और साढ़े तीन लाख रुपये नकद चुरा ले गए। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने रसोई तक का सामान खंगाल डाला, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे काफी देर तक घर के भीतर मौजूद रहे।
सीसीटीवी में कैद हुए चार संदिग्ध
कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तड़के करीब पांच बजे चार संदिग्ध युवक कॉलोनी में घूमते और वारदात को अंजाम देते नजर आए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
दो और मकानों के भी तोड़े ताले
जानकारी के अनुसार चोरों ने ममता सोनी के मकान के अलावा पीछे की गली में स्थित दो अन्य सूने मकानों के भी ताले तोड़े। हालांकि उन मकानों के मालिक बाहर होने के कारण वहां हुई चोरी की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। एक ही रात में कई मकानों को निशाना बनाए जाने से कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है। रहवासियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
जयपुर गया था परिवार, चोर सोने चांदी के गहने और रुपए ले उड़े















