दिल्ली से वीरेंद्र शर्मा
आयोजन के आकर्षण
* 350 वर्गफीट में लगने वाली झांकियों के माध्यम से लोग कृष्ण लीलाओं का हिस्सा बन सकेंगे।
* कृत्रिम यमुना को पाए कर श्रीकृष्ण को ले जाने का अनुभव कर सकेंगे।
* माखन लीला के माध्यम से आत्म मंथन का संदेश।
* जन गण मन में श्रीकृष्ण की संगीतमय प्रस्तुति होगी।
* देश के अलग अलग क्षेत्रों में पूजे जाने वाले श्रीकृष्ण के स्वरूप एक मंच पर दिखाई देंगे।
* ’सेल्फी विद कृष्ण’ और ’फेस स्वैप फोटोबूथ’ जैसे एआई जैसे इंस्टॉलेशन।
* पूर्व वर्ल्ड हैवीवेट चैम्पियन द ग्रेट खली, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता आएंगे।
देश की राजधानी दिल्ली में अब भगवान श्रीकृष्ण का डिजिटल अवतार होने जा रहा है। इस स्वरूप में श्रीकृष्ण न केवल सबको मोहेंगे बल्कि युवाओं के सवालों के जवाब भी देंगे। दरअसल, द्वारका में 3 और 4 सितंबर को भव्य जन्माष्टमी उत्सव होने जा रहा है। इसकी भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 3.75 लाख वर्ग फीट पर श्रीकृष्ण नगरी बसाई जाएगी और जहां 50 हजार से अधिक श्रद्धालु जुटेंगे। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से यह आयोजन द्वारका सेक्टर 10 स्थित डीडीए ग्राउंड में आयोजित होगा। ’कृष्ण जन्म लें यदि आज तो पहचानोगे कैसे’ थीम पर यह महोत्सव होगा। उद्देश्य है श्रद्धालुओं को भक्ति के वास्तविक और शाश्वत स्वरूप अर्थात ईश्वर के प्रत्यक्ष अनुभव से जोड़ना। खास बात यह कि युवान की एआई एक्सपिरियंस पवेलियन यूथ के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। 3डी एआई होलोग्राम कियोस्क के माध्यम से लोग, खासकर युवा श्रीकृष्ण के डिजिटल अवतार से कई सवालों के उत्तर भी पा सकेंगे। ’सेल्फी विद कृष्ण’ और ’फेस स्वैप फोटोबूथ’ जैसे एआई जैसे इंस्टॉलेशन भी लगाए जाएंगे। डिजिटल एडिक्शन,गुस्सा और टेंशन जैसी ज्वलंत समस्याओं पर केंद्रित मोशन सेंसिंग टेक्नोलॉजी पर आधारित कई इंटरेक्टिव गतिविधियाँ भी होंगी। गोवर्धन चैलेंज, बांसुरी कैच और स्लिंग शॉट मटकी फोड़ जैसे आयोजन के माध्यम से बुरी आदतों को छोड़ने के लिए युवाओं को प्रेरित किया जाएगा। ’चेज़ द माखन’ और मिशन लिंक्ड कृष्ण झूला जैसे गेम्स भी होंगे, जिनके माध्यम से मेंटल पॉवर और पॉजिटिविटी बढ़ाने का प्रयास भी होगा। युवाओ को आध्यात्मिक संगीत से जोड़ने के लिए संस्थान का इन हाउस म्यूजिक ग्रुप इटर्न ब्लिस लाइव भजन क्लबिंग पेश करेगा। देशभर से आने वाले 250 भक्त कलाकार और शिष्य 15 नृत्य नाटिकाएं प्रस्तुत करेंगे। ब्रज की होली, गोवर्धन लीला और उधो मोहे बृज बिसरत नाहिं जैसी श्रीकृष्ण लीलाओं को ओडिसी, छऊ, कथक, राजस्थानी और बंगाली लोक नृत्य शैलियों के माध्यम से मंचित किया जाएगा।
महोत्सव के आरंभ में दिव्य ज्योति वेद मंदिर के पीताम्बर वस्त्रधारी वेदपाठियों द्वारा शुक्ल यजुर्वेद रूद्राष्टाध्यायी के सस्वर पाठ से होगा। इसमें बड़ी संख्या में जेन जेड और कारपोरेट जगत से जुड़े युवा शामिल होंगे। वेद मंत्रों के माध्यम से वसुधैव कुटुंबकम का मैसेज भी दिया जाएगा और प्राचीन ज्ञान से युवाओं को जोड़ा जाएगा। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के अध्यक्ष स्वामी आदित्यानंद जी ने बताया इस बार धार्मिक प्रवचनों को वैज्ञानिक और व्यावहारिक दृष्टिकोण से जोड़ने पर केंद्रित किया जाएगा। साध्वी डॉ. निधि भारती, साध्वी डॉ, शिवानी भारती, साध्वी परमा भारती, तपेश्वरी। भारती, अदिति भारती, डॉ. सर्वेश्वर और डॉ. महादेवानंद आदि प्रवचन देंगे।
3 हजार वर्गफीट की मेगा स्क्रीन
महोत्सव में 100 फीट से ज्यादा चौड़े मंच पर 3 हजार वर्गफीट की मेगा स्क्रीन लगाई जाएगी। इतना ही नहीं पूरे पंडाल में 24 बाय 14 फीट की 10 डिले एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएंगी ताकि दूर बैठे लोग भी आसानी से कार्यक्रम देख सकें। इसमें 8 के 3डी प्रोजेक्शन और रियल टाइम वीएफएक्स का उपयोग किया जाएगा। इनके माध्यम से भारत की वैदिक विरासत और श्रीकृष्ण की लीलाओं को डिजिटल दृश्यों के जरिए मंच पर जीवंत किया जाएगा। लोगों को ऐसा लगेगा मानो द्वापर युग में आ गए हैं।
दिल्ली में उतरेगा श्रीकृष्ण का डिजिटल अवतार, युवाओं के सवालों का देंगे उत्तर















