एक नज़र में जानिए
* मध्यप्रदेश सुशासन जन सहभागिता का राष्ट्रीय मॉडल बनेगा, उज्जैन बनेगा आधार
* वंदे मातरम के छह छंदों के सामूहिक गायन का बनेगा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
* 18 अक्टूबर को होगा जनसेवक महाकुंभ, पीएम खुद रखेंगे अपनी बात
उज्जैन से भाग्यश्री शर्मा की रिपोर्ट
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर इस बार 17 सितंबर को महाकाल महालोक हजारों दीपों की रोशनी से जगमग होगा। उज्जैन में आयोजित होने वाला सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का मंचन गुजरात में होगा। महालोक को जगमग करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके सहित प्रदेशभर में एक दर्जन से अधिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें ’आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी शामिल है। समापन पर वंदे मातरम के छह छंदों के सामूहिक गायन से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की भी तैयारी है।
दरअसल, इसी माह की 17 तारीख को पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने जा रहे हैं और मध्यप्रदेश में इस अवसर पर एक माह का सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इसी सिलसिले में उज्जैन में यह कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। इसको लेकर भाजपा संगठन की एक मीटिंग जल्द उज्जैन में होगी। इसमें सिंहस्थ प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल आदि के शामिल होने की संभावना है। डॉ. मोहन यादव सरकार और भाजपा संगठन ने मिलकर इसकी तैयारी शुरू की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी मंत्रियों को अपने प्रभार वाले जिलों में आयोजनों की तैयारी और समीक्षा के निर्देश दिए हैं। मध्यप्रदेश इस अभियान में सुशासन जन सहभागिता का राष्ट्रीय मॉडल बनेगा। भाजपा मोदी की इस 25 बरस की यात्रा को सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा मान रही है। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई यह यात्रा एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर है। 17 सितंबर से 18 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन में प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धियों से लोगों को रूबरू कराया जाएगा। जो 13 प्रमुख कार्यक्रम होंगे उनमें 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा सेतु अभियान, जनसेवक महाकुंभ शामिल है।
समापन पर मोदी कहेंगे अपनी बात
अभियान का समापन 18 अक्टूबर को एक बड़े कार्यक्रम से होगा। इस अवसर पर देशभर के सरपंच और जनप्रतिनिधि जुटेंगे। इसे जनसेवक महाकुंभ नाम दिया गया है। इस समारोह को पीएम मोदी खुद संबोधित करेंगे और विकसित भारत का संकल्प दिलाएंगे।
Ujjain कितने दीप जलेंगे, जल्द तय करेंगे भाजपा नेता











