क्योंकि, सरकारी गाड़ी भी फंसी….

एक नज़र में खबर
• ग्वालियर के कोर्णाक हॉस्पिटल के पास अचानक धंसी सड़क।
• डिप्टी कमिश्नर लैंड रिकॉर्ड का सरकारी वाहन गड्ढे में फंसा।
• काफी मशक्कत और स्थानीय लोगों की मदद से निकाला गया वाहन।
• प्रारंभिक वजह पानी की पाइपलाइन में लीकेज और लगातार बारिश मानी जा रही है।
• घटना के बाद शहर की सड़कों की गुणवत्ता पर फिर उठे सवाल।
अब पढ़िए डिटेल…

कहते हैं गड्ढे किसी के अपने-पराए नहीं होते, जो भी सामने आए उसे अपनी गिरफ्त में ले लेते हैं। ग्वालियर में यह कहावत उस समय सच साबित हो गई, जब बारिश के बीच सड़क अचानक धंस गई और उसमें डिप्टी कमिश्नर लैंड रिकॉर्ड का सरकारी वाहन फंस गया। यह घटना शहर के कोर्णाक हॉस्पिटल के पास हुई, जिसने एक बार फिर शहर की बदहाल सड़कों की पोल खोलकर रख दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सरकारी वाहन जैसे ही सड़क से गुजरा, सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया और गाड़ी गड्ढे में जा फंसी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। काफी देर तक चली मशक्कत और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लगातार बारिश और सड़क के नीचे पानी की पाइपलाइन में लीकेज के कारण मिट्टी कमजोर हो गई थी, जिससे सड़क धंस गई। हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
सड़कों के सवाल
यह घटना सिर्फ एक सड़क धंसने की नहीं, बल्कि शहर की निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।
हर बारिश में सड़कों पर गड्ढे क्यों उभर आते हैं?
क्या निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं हो रहा?
करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़कें कुछ ही बारिश में क्यों जवाब दे देती हैं?
जब सरकारी वाहन ही सुरक्षित नहीं, तो आम लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?
क्या जिम्मेदार एजेंसियों की जवाबदेही तय होगी या हर साल यही हाल दोहराया जाएगा? फिलहाल संबंधित विभाग सड़क की मरम्मत में जुट गया है, लेकिन शहरवासियों का कहना है कि सिर्फ गड्ढे भरने से समस्या खत्म नहीं होगी, बल्कि सड़क निर्माण और गुणवत्ता की पूरी व्यवस्था की जांच होनी चाहिए। बारिश का मौसम अभी बाकी है और ऐसे में लोगों की चिंता भी बढ़ गई है।