* उज्जैन के पास मक्सी में हृदय विदारक घटना, एक साथ उठी दो अर्थियां
शाजापुर जिले के मक्सी कस्बे से मां-बेटे के अटूट रिश्ते की ऐसी मार्मिक कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। कहते हैं कि मां के लिए उसका बेटा उम्रभर बच्चा ही रहता है। मक्सी में यह बात उस समय सच साबित हुई, जब 62 वर्षीय बेटे की मौत का सदमा उसकी 105 वर्षीय मां सहन नहीं कर सकीं और करीब 20 घंटे बाद उन्होंने भी इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
जानकारी के अनुसार, मक्सी निवासी नरेंद्र जैन (62) लंबे समय से अस्थमा की बीमारी से पीड़ित थे। बताया जा रहा है कि उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके चलते उनका निधन हो गया। परिवार में मातम पसरा ही था कि जब यह दुखद खबर उनकी 105 वर्षीय वृद्ध मां तक पहुंची, तो वे गहरे सदमे में चली गईं।
बेटे के बिछड़ने का दर्द मां के लिए असहनीय साबित हुआ। करीब 20 घंटे तक बेटे के वियोग में तड़पने के बाद उन्होंने भी अंतिम सांस ले ली। इस घटना ने पूरे परिवार के साथ-साथ मक्सी नगर को भी भावुक कर दिया।
जब मां और बेटे की अर्थियां एक साथ घर से निकलीं, तो यह दृश्य देखकर हर आंख नम हो गई। बड़ी संख्या में नगरवासी अंतिम यात्रा में शामिल हुए और नम आंखों से दोनों को अंतिम विदाई दी। पूरे कस्बे में शोक का माहौल रहा और लोग इस घटना को मां की असीम ममता और बेटे के प्रति उनके अटूट प्रेम की मिसाल बताते रहे।











