मासूम बच्ची 5 किमी दूर पैदल चलकर थाने पहुंची और कहा मेरे पापा ने खून कर दिया
आज रक्षाबंधन की खुशियों के बीच मंडला से रोंगटे खड़े करने वाली घटना सामने आई है।मंडला के बिछिया थाना क्षेत्र में एक घर के भीतर रिश्तों का खौफनाक अंत हो गया। खाना बनाने जैसी मामूली बात पर दो सगे भाइयों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की हत्या कर दी।
घटना ग्राम नेवसा के कोटवार टोला की है। बताया जा रहा है कि घर में खाना बनाने को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। बात इतनी बढ़ी कि गुस्से में छोटे भाई ने बड़े भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बड़े भाई की मौत हो गई। इस खौफनाक घटना की सबसे बड़ी गवाह आरोपी की महज 8 साल की बेटी बनी। आंखों के सामने पिता को चाचा की हत्या करते देख बच्ची बुरी तरह डर गई, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी।
घर में मदद के लिए कोई नजर नहीं आया तो मासूम अकेली ही निकल पड़ी। करीब 5 किलोमीटर पैदल चलकर वह सीधे बिछिया थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। बच्ची की सूचना ने पुलिस को तुरंत घटनास्थल तक पहुंचाया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, आरोपी फरार
सूचना मिलते ही बिछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। बिछिया थाना प्रभारी रंजीत सैयाम ने बताया कि ग्राम नेवसा में खाना बनाने की बात को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। सबसे ज्यादा चर्चा उस 8 साल की बच्ची की हिम्मत की है, जिसने डर के आगे घुटने टेकने के बजाय 5 किलोमीटर पैदल चलकर पुलिस तक पहुंचने का फैसला किया।











