एक दशक बाद कांग्रेस को मिली सत्ता की कुर्सी

वीडी सतीशन ने ली सीएम पद की शपथ, चर्चा में प्रियंका गांधी
Newjline report
केरल की राजनीति में सोमवार से नया अध्याय शुरू हो गया। कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने सोमवार को विधिवत मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की, लेकिन इस समारोह में राहुल गांधी के साथ आईं प्रियंका गांधी (वढेरा) पूरे देश की सुर्खियों में आ गईं। वजह है उनका भारतीय लुक। वे पारंपरिक साड़ी में समारोह में उपस्थित हुई, जिससे उनके इस नए लुक ने सियासत का पारा गर्म कर दिया।
प्रियंका गांधी का साड़ी लुक वैसे ही राजनीतिक चर्चा में रहता है। इस बार उन्होंने केरल के मुख्यमंत्री सतीशन के शपथ ग्रहण समारोह में केरल की पारंपरिक साड़ी पहनकर एक नई चर्चा को जन्म दे दिया है। कांग्रेस महासचिव और इंदिरा गांधी की पोती प्रियंका हर बार इंदिरा गांधी के मिलते जुलते लुक के कारण चर्चा के केंद्र में रहती हैं। सोमवार को एक बार फिर वे सतीशन के शपथ ग्रहण समारोह में नीली बॉर्डर वाली सफेद साड़ी में दिखाई दीं तो उनका ये लुक सोशल मीडिया पर भी तेजी से चल पड़ा। केरल की पारंपरिक साड़ी पहनकर वे आई थीं। प्रियंका अक्सर कॉटन और खादी की साड़ियां पहनती हैं। इस लुक से उन्होंने केरल की जनता को परंपरा की जड़ों से जुड़े रहने का संदेश दिया है। केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री पिनारई विजयन मौजूद थे।
शशि थरूर क्यों नहीं आए…?
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर की गैरमौजूदगी ने भी राजनीति का ध्यान खींचा। यद्यपि थरूर अमेरिका के बोस्टन में अपने पुराने शिक्षण संस्थान स्लेचर स्कूल ऑफ लॉ एंड डिप्लोमेसी के दीक्षांत समारोह में सम्मिलित होने गए हैं, लेकिन उनके न आने को राजनीतिक चश्मों से भी देखा जा रहा है। थरूर ने पहले ही अपने सोशल मीडिया अकाउंट से यह जानकारी दे दी थी कि वे शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित नहीं हो सकेंगे। करीब एक दशक बाद कांग्रेस नेतृत्व वाला यूडीएफ राज्य की सत्ता पर वापस बैठा है। 9 अप्रैल को हुए चुनाव में यूडीएफ को 140 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें मिली हैं।