बिजली की आंखमिचौली ने ले ली मजदूर की जान

* उद्योगपुरी की विजय लक्ष्मी इंडस्ट्रीज में दर्दनाक हादसा, ग्राइंडर की चपेट में आने से 39 वर्षीय मजदूर की मौत
उज्जैन। उद्योगपुरी स्थित विजय लक्ष्मी इंडस्ट्रीज में रविवार सुबह बिजली की आंख-मिचौली एक मजदूर की जिंदगी पर भारी पड़ गई। बिजली गुल होने के बाद ग्राइंडर मशीन की सफाई करने पहुंचे 39 वर्षीय मजदूर गिरधारी को जरा भी अंदाजा नहीं था कि कुछ ही पल बाद लौटने वाली बिजली उसके लिए मौत बन जाएगी। अचानक बिजली आपूर्ति बहाल होते ही मशीन चालू हो गई और गिरधारी उसकी चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
नागझिरी थाना पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 11 बजे फैक्ट्री में मजदूर के मशीन में फंसने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि मृतक गिरधारी पुत्र धरमदास रैकवार निवासी लांजी इमलिया, चौकी बासा, जिला दमोह, अपनी पत्नी उमा के साथ लंबे समय से फैक्ट्री में हेल्पर का काम कर रहा था। रविवार सुबह ग्राइंडर मशीन चल रही थी, तभी अचानक बिजली चली गई। मशीन बंद होने पर गिरधारी उसकी सफाई करने लगा। इसी दौरान अचानक बिजली वापस आ गई और मशीन दोबारा चालू हो गई। मशीन की चपेट में आने से गिरधारी गंभीर रूप से घायल हो गया। मशीन चालू होते ही फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। साथियों ने तत्काल बिजली बंद कर मशीन को रोकने के बाद गिरधारी को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मृतक के स्वजन को दी गई।
नागझिरी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों की जांच कर रही है।