Newjline.com report
उज्जैन। महाकाल हैं ना तो सब मंगल ही है। इसका अनुभव आज गुरुवार को इंदौर से दर्शन करने आई दीक्षा सोमानी और उसके परिजनों को प्रत्यक्ष हुआ, जब उनका 5 लाख रुपए मूल्य का हीरे जड़ा ब्रेसलेट मंदिर में गुम हो गया और मंदिर प्रबंध समिति की टीम उज्जैन से करीब 35 किलोमीटर दूर तराना से एक व्यक्ति से लाई और वापस किया।
इस घटना ने यह साबित कर दिया है कि मंदिर प्रबंध समिति कितनी सतर्क रहती है। समिति की टीम महज डेढ़ घंटे में इस ब्रेसलेट को ले आई और दीक्षा तक वापस पहुंचाया। इस पर परिजन भी चकित रह गए क्योंकि जिसने ब्रेसलेट उठाकर अपनी जेब में रख लिया था, उसे तराना से खोज लिया और ब्रेसलेट वापस ले आए। हालांकि इस मामले में समिति की ओर से कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया इससे दीक्षा के परिजन बेहद खुश हो गए और उन्होंने मंदिर प्रबंध समिति की पूरी टीम को दिल से थैंक्यू कहा। घटना बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है।
दीक्षा के परिजन ने बताया समिति कर्मचारी निर्मल साखला, एसटीएफ रोहित ठाकुर एवं इंदर सिंह मेवाड़ा ने तत्परता दिखाते हुए मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे घटनाक्रम की जांच की। आईटी शाखा अधिकारी दीपक परमार ने बताया कि तकनीकी विश्लेषण एवं कैमरा फुटेज की जांच से पता चला कि एक व्यक्ति ने श्रद्धालु का गुम ब्रेसलेट उठाकर अपनी जेब में रख लिया तथा उसे वापस करने के बजाय मंदिर से निकल गया। फुटेज और तकनीकी जानकारी के आधार पर उस व्यक्ति की पहचान तराना क्षेत्र में की गई। इसके बाद टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर व्यक्ति से ब्रेसलेट सुरक्षित बरामद कर लिया।








