* गृहनगर में सीएम का अलग अंदाज, कलाकारों को बांटे उपहार
न्यूजलाइन डॉट कॉम रिपोर्ट

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रविवार सुबह उज्जैन में कोठी रोड पर आयोजित राहगीरी आनंद उत्सव में शामिल हुए और इस दौरान बैलगाड़ी चलाई और शंख बजाकर सनातन का शंखनाद किया। इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेट सहित जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
उज्जैन में सुबह से आज आसमान पर बादल छाए रहे और सूरज बादलों की ओट में छिपा रहा। शीतलहर के बीच सुबह मुख्यमंत्री डॉ. यादव राहगीरी में पहुंचे और दीप प्रज्वलित कर इसका शुभारंभ किया। इस दौरान मध्यप्रदेश पुलिस, बीएसएफ और सीआरपीएफ बैंड ने संयुक्त प्रस्तुति दी। बाद में मुख्यमंत्री एक बैलगाड़ी पर सवार हुए और उसे हांकी। इस दौरान जनप्रतिनिधि गाड़ी पर बैठे। बैलगाड़ी में बैठने के लिए समर्थकों में मशक्कत भी हुई। इस दौरान सांस्कृतिक मंचों से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। इस दौरान किसी ने ढोल बजाया तो किसी ने नृत्य कर उत्साह प्रकट किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भी बच्चों और कलाकारों को उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने भी एक मंच पर करताल बजाकर अपनी संगीत कला का प्रदर्शन किया। एक मंच पर उन्होंने शंख भी बजाया। शंख बजाना भी एक कला है और यह आसानी से नहीं बजाया जा सकता, लेकिन अध्यात्म और कला से जुड़े सीएम ने शंख बजाकर सभी को मुग्ध कर दिया।
हेलमेट पहनाया सीएम ने…

मुख्यमंत्री ने राहगीरी के दौरान एक युवक को हेलमेट पहनाकर संदेश दिया कि वाहन चलाने के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता दें। उज्जैन पुलिस द्वारा शहर में लोगों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
चित्रों में राहगीरी आनंद उत्सव….













