बर्फ की चादर से ढका वैष्णो देवी मंदिर, दर्शन रुके

कटरा से न्यूजलाइन रिपोर्टर
प्रसिद्ध वैष्णोदेवी मंदिर के आसपास हो रही बर्फबारी से माता मंदिर बर्फ की चादर से ढंक गया है। सर्दी के इस मौसम में पहली बार त्रिकूट पर्वत के आसपास बर्फ के प्राकृतिक श्रृंगार का सुंदर दृश्य दिखाई दे रहा है। बर्फबारी को देखते हुए श्राइन बोर्ड ने दर्शन रोक दिए हैं और श्रद्धालुओं को कटरा में ही रोक दिया है।
जम्मू कश्मीर के त्रिकूट पर्वत पर विराजमान माता का मंदिर सफेद चादर से सुंदर दिखाई दे रहा है। सुबह से हो रही बर्फबारी के कारण माता के भवन, मार्गों और आसपास पहाड़ों पर बर्फ जमी दिखाई दे रही है। इससे दर्शन के लिए पहुंचे भक्त भावविभोर हो उठे। प्रतिकूल मौसम को देखते हुए श्री वैष्णोदेवी माता श्राइन बोर्ड ने दर्शन यात्रा को स्थगित करने का निर्णय लिया है। बोर्ड का कहना है कि मौसम अनुकूल होते ही दर्शन यात्रा वापस शुरू कर दी जाएगी। इससे कई दर्शनार्थी कटरा में ही रुक गए हैं। कई दर्शनार्थियों ने अपने शेड्यूल बदल लिए हैं।