भोपाल से newjline.com के लिए सुदेश नागर
आखिरकार प्रदेश कांग्रेस को अपनी जिद महंगी पड़ गई जब आज रायसेन के उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र के 280 नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा का हाथ थाम लिया। पार्टी छोड़ने वालों में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश उपाध्याय भी शामिल हैं।
यह राजनीतिक घटनाक्रम आज शनिवार को हुआ। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, महामंत्री हितानंद शर्मा, मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल की उपस्थिति में इन सभी सदस्यों ने भाजपा की सदस्यता ले ली। सदस्यता ग्रहण के बाद सभी को भगवा गमछा पहनाकर स्वागत किया गया। प्रदेश में कांग्रेस जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर पार्टी में पहले ही विरोध उबाल ले रहा था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के पुतले जलाने और त्यागपत्र देने के बाद भी पार्टी ने कोई कदम नहीं उठाया तो यह कदम सभी कार्यकर्ताओं ने उठा लिया। अभी इस मामले में कांग्रेस की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक हलचल मच गई है। कहा जा रहा है कि अभी पार्टी को और झटके लग सकते हैं।
