उज्जैन सहित सभी प्राधिकरणों और मंडलों में अब होंगी नियुक्तियां…
भोपाल डेस्क।
मध्यप्रदेश के उज्जैन सहित सभी विकास प्राधिकरणों और मंडलों में राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर भाजपा में हलचल तेज हो गई है। भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इसको लेकर विचार मंथन शुरू कर दिया है। वे प्रदेश के सभी कद्दावर नेताओं से चर्चा कर समीकरण बैठा रहे हैं। आज गुरुवार को प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से हुई मुलाकात को इसी सियासी समीकरण के तहत देखा जा रहा है।
प्रदेश में सभी 45 निगम, मंडल, बोर्ड और प्राधिकरणों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और संचालकों के पद खाली पड़े हैं। गुरुवार को खंडेलवाल ने नरोत्तम मिश्रा से बंद कमरे में चर्चा की। प्रदेश प्रभारी डॉ महेन्द्र सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की मौजूदगी ने इस चर्चा के मायने बढ़ा दिए हैं। बादमें खंडेलवाल ने मालेगांव ब्लास्ट केस में बरी होने के बाद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर से भी भेंट की। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि संगठन अब मिशन 2028 के लिए जुट गया है। पार्टी के सामने इलेक्शन 2028 है। इस कारण पार्टी के असंतोष को पाटने की कवायद अभी से शुरू कर दी गई है। हालांकि पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता दुर्गेश केसवानी का कहना है कि संगठन में मुलाकातों का दौर चलता रहा है। निगम, मंडल और प्राधिकरणों में राजनीतिक नियुक्ति का विशेषाधिकार मुख्यमंत्री के पास है। संगठन में नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष करेंगे। उन्होंने यह भी कहा है कि सबसे मिलजुल कर समन्वय के साथ जिम्मेदारी तय की जाएगी
