* पर्यटकों के लिए खुशखबरी: इंदौर से 12 जून से चलेगी इंटरनेशनल ट्रेन
Newjline.com report
कम खर्च में नेपाल के पर्यटन स्थलों और पशुपतिनाथ मंदिर दर्शन करने वालों के लिए एक अच्छी खबर आई है। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से इंटरनेशनल ट्रेन चलाने की हरी झंडी मिल गई है। पहली बार भारत गौरव डिलक्स ट्रेन 12 जून से चलेगी, जो उज्जैन सहित विभिन्न स्टेशनों से होकर नेपाल जाएगी।
मध्यप्रदेश के यात्रियों के लिए पहली बार नेपाल यात्रा का स्पेशल ट्रेन टूर शुरू किया जा रहा है। रतलाम रेल मंडल के अधिकारियों के अनुसार यह विशेष ट्रेन इंदौर, उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, भोपाल, इटारसी, जबलपुर और कटनी और सतना स्टेशन से होकर गुजरेगी। इन स्टेशनों से यात्री ट्रेन पकड़ सकेंगे। आईआरटीसी की यह विशेष यात्रा 9 दिनों की होगी। इस दौरान चितवन नेशनल पार्क, पोखरा और काठमांडू के धार्मिक और स्थलों की सैर कराई जाएगी। खास बात यह भी कि ट्रेन में विशेष रेस्त्रां कोच भी रहेगा, जहां लंच और डिनर की सुविधा मिलेगी। ट्रेन किराए में बस से लोकल टूर और होटल में ठहरने का खर्च भी शामिल रहेगा। यानी आपको यात्रा के तमाम झंझटों से भी छुटकारा मिल जाएगा और बेहतर टूर का लुत्फ लिया जा सकेगा। इस यात्रा के लिए पासपोर्ट की भी जरूरत नहीं होगी। केवल वोटर आईकार्ड से ही यह यात्रा पूरी हो जाएगी। 60 से अधिक यात्री इसके लिए बुकिंग करा चुके हैं।
किस श्रेणी में कितना किराया
1. एसी थर्ड श्रेणी के लिए 62610 रुपए।
2. एसी सेकंड श्रेणी के लिए 76550 रुपए।
3. एसी फर्स्ट क्लास के लिए 90400 रुपए।











