* आखिर फिल्मों से दूरी का क्या है रहस्य, अब नहीं गाएंगे
न्यूजलाइन डॉट कॉम रिपोर्ट
मशहूर प्लेबैक सिंगर अरिजीत सिंह ने आज प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने की घोषणा कर आश्चर्यजनक कदम उठाया है। उन्होंने कहा है कि वे अब किसी फिल्म के लिए कोई नया गाना नहीं गाएंगे, हालांकि म्यूजिक की दुनिया में बने रहेंगे। इस घोषणा ने देशभर के फैंस को मायूस कर दिया है, क्योंकि उनकी आवाज के कई युवा दीवाने हैं।
करोड़ों लोगों के दिलों पर अपनी आवाज से राज करने वाले अरिजीत सिंह ने अचानक यह कदम क्यों उठाया, इसका अभी राज़ सामने नहीं आया है लेकिन देशभर में इसको लेकर हलचल मच गई है। हालांकि वे खुद के प्रोजेक्ट्स और इंडिपेंडेंट म्यूजिक पर काम जारी रखेंगे।
नमस्ते के साथ दी सूचना…
अरिजीत सिंह ने इंस्टाग्राम पर अंग्रेजी में शेयर पोस्ट में लिखा- नमस्ते, आप सभी को नए साल की शुभकामनाएं। इतने सालों से श्रोताओं के रूप में मुझे इतना प्यार देने के लिए मैं आप सभी का धन्यवाद करना चाहता हूं। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अब मैं आगे से प्लेबैक वोकलिस्ट के तौर पर कोई नया काम नहीं लेने वाला हूं। मैं इसे यहीं खत्म कर रहा हूं। यह एक बेहद खूबसूरत सफर रहा।
महज 20 मिनट में 90 हजार से ज्यादा लाइक
अरिजीत सिंह ने आज मंगलवार रात 8.30 बजे इंस्टाग्राम पर ये घोषणा की। इसके बाद 20 मिनट में ही 92 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे लाइक किया और हजारों लोगों ने कमेंट्स किए। ज्यादातर लोगों ने उनसे प्लेबैक सिंगिंग जारी रखने का अनुरोध किया। म्यूज़िक चैनल ज़ूम टीवी ने इंस्टाग्राम पोस्ट के नीचे कमेंट किया कि “अभी न जाओ छोड़कर कि दिल अभी भरा नहीं।”
संघर्ष से सफलता का संगीत
* अरिजीत सिंह ने अपने करियर की शुरुआत रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ से की थी, जहां वह जीत नहीं पाए थे।
* म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने के लिए लंबे समय तक उन्हें संघर्ष करना पड़ा।
* बॉलीवुड में उनके गीत गाने का सफ़र 2011 में मर्डर-2 फ़िल्म से शुरू हुआ था।
* फिल्म ‘आशिकी 2’ का गाना ‘तुम ही हो’ अरिजीत के करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
* हाल ही रिलीज़ हुई बॉर्डर-2 फ़िल्म के ‘घर कब आओगे’ गीत में भी उन्होंने अपनी आवाज़ दी है।
* अब तक 300 से ज्यादा फिल्मों में अपनी आवाज दे चुके हैं।
* राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, फिल्मफेयर अवॉर्ड्स सहित कई बड़े सम्मान मिल चुके हैं।














