नाली पर कब्जा पड़ा भारी, निगम ने ठोका 5 हजार का जुर्माना

* चौड़ी सड़क पर दोबारा अतिक्रमण किया तो होगी जब्ती और चालानी कार्रवाई

उज्जैन। सड़क चौड़ीकरण के बाद नाली और फुटपाथ पर दोबारा कब्जा करने वालों पर नगर निगम ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को ढाबा रोड स्थित मावा बाजार में नाली के ऊपर ब्लॉक लगाकर अतिक्रमण करने पर निगम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपये का जुर्माना ठोक दिया। अतिक्रमण भी तत्काल हटाया गया।
निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान यह कार्रवाई कराई। उन्होंने अधिकारियों और अतिक्रमण गैंग को निर्देश दिए कि चौड़ीकरण वाले मार्गों पर नाली, फुटपाथ या सड़क पर अतिक्रमण नजर आते ही तत्काल कार्रवाई की जाए।


पहले कब्जा हटाया, फिर लगाया जुर्माना
मावा बाजार क्षेत्र में नाली के ऊपर ब्लॉक लगाकर किए गए अवैध निर्माण को निगम की रिमूवल गैंग ने हटाया। इसके साथ ही संबंधित व्यक्ति पर 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। निगम ने साफ किया कि सड़क चौड़ी होने के बाद उसके हिस्से पर दोबारा कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
आयुक्त ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि दुकान के बाहर सामान रखकर सड़क या फुटपाथ घेरने पर सामान जब्त करने के साथ जुर्माना और चालानी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अतिक्रमण गैंग को चौड़ीकरण वाले सभी मार्गों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए हैं। निगम का कहना है कि चौड़ीकरण का उद्देश्य यातायात को सुगम बनाना है। इसलिए सड़क, नाली और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखना प्राथमिकता रहेगी। कार्रवाई स्वास्थ्य अधिकारी हरीश व्यास, भवन निरीक्षक शिवम गुप्ता और निगम की रिमूवल गैंग ने की।