पत्नी से खटपट और कोमल से नई शादी की खबरों के बीच महाकाल की शरण में अकेले गोविंदा
बोले बच्चों के कल्याण के लिए बाबा की पूजा अर्चना कर प्रार्थना की
पत्नी सुनीता आहूजा से चल रही पारिवारिक खटपट और फिल्म ‘रूपा’ की को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ दूसरी शादी की खबरों के बीच बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता गोविंदा सोमवार को उज्जैन आए और भगवान महाकाल की शरण में पहुंचे। उन्होंने दर्शन किए और मीडिया से चर्चा के दौरान एक मंत्र भी सुनाया। उन्होंने कहा बच्चों के कल्याण के लिए आज बाबा के चरणों में दंडवत करते हुए प्रार्थना की है। उन्होंने कहा बाबा ऐसी कृपा करें कि हर तरह की तकलीफ और बाधा दूर हो जाए।

गोविंदा दोपहर करीब 1 बजे महाकाल मंदिर आए। उनके साथ भाजपा नेता विशाल राजोरिया भी थे। महाकाल मंदिर में पूजन-अर्चन के बाद गोविंदा मीडिया के सामने भी आए। इस दौरान उनके माथे पर तिलक और गले में पुष्पमाला नजर आई। बाबा महाकाल के दर्शन के बीच गोविंदा की निजी जिंदगी को लेकर चल रही चर्चाओं ने भी इस यात्रा को सुर्खियों में ला दिया है। गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा पिछले कुछ समय से अपने वैवाहिक रिश्ते को लेकर लगातार चर्चा में हैं। सुनीता ने 2024 में तलाक की याचिका दायर की थी, जिसे बाद में वापस ले लिया गया। गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने अगस्त में कहा था कि दोनों के बीच अलगाव नहीं है और सुनीता ने तलाक का मामला वापस ले लिया है। इसी बीच सुनीता आहूजा की ओर से अभिनेता की कथित दूसरी शादी को लेकर किए गए दावे ने बॉलीवुड में हलचल मचा दी थी। सुनीता ने एक बातचीत में दावा किया था कि गोविंदा दूसरी शादी करने वाले हैं और इसी वजह से उन्होंने तलाक का फैसला वापस लिया। हालांकि, गोविंदा के मैनेजर ने इन दावों को साफ तौर पर खारिज करते हुए कहा था कि गोविंदा की दूसरी शादी नहीं हो रही है। इन चर्चाओं के बीच हाल ही में गोविंदा और सुनीता आहूजा एक साथ एयरपोर्ट पर भी नजर आए।
कोमल रानी के साथ नजर आने के बाद बढ़ी थी चर्चा

गोविंदा की फिल्म ‘रूपा’ की को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ उनकी सार्वजनिक मौजूदगी के बाद भी सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में उनके रिश्ते को लेकर अटकलें चलीं। हालांकि, गोविंदा और कोमल रानी ने अपने बीच किसी रोमांटिक रिश्ते की पुष्टि नहीं की है। ऐसे समय में गोविंदा का उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन करना खासा चर्चा में है। गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी 1987 में हुई थी और दोनों के दो बच्चे हैं—बेटी टीना आहूजा और बेटा यशवर्धन आहूजा। गोविंदा ने खासतौर से कहा है कि बच्चों के कल्याण के लिए महाकाल भगवान से प्रार्थना की है। महाकाल यात्रा से यह संकेत भी लिया जा रहा है कि वे पारिवारिक विवाद के बीच बच्चों को लेकर खासे परेशान हैं।











