
उज्जैन। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना शनिवार को पत्नी के साथ उज्जैन पहुंचे और रविवार सुबह ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दर्शन प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना की। भस्म आरती के दिव्य वातावरण में वे आध्यात्मिक रंग में नजर आए।
रैना ने कहा कि दिव्य वातावरण में भस्म आरती कर मन अभिभूत हो गया। उन्होंने भगवान महाकाल से देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में रैना के पहुंचने की खबर मिलते ही श्रद्धालुओं और उनके प्रशंसकों में भी उत्साह नजर आया।
2022 में भी आए थे महाकाल के दरबार
सुरेश रैना की महाकाल भक्ति का यह पहला अवसर नहीं है। सितंबर 2022 में भी वे उज्जैन आए थे। उस समय रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के मुकाबलों के लिए इंदौर पहुंचे रैना, प्रज्ञान ओझा और मनप्रीत सिंह के साथ उज्जैन पहुंचे थे। तीनों क्रिकेटरों ने बाबा महाकाल के दर्शन कर पूजन-अभिषेक किया था।
भारतीय क्रिकेट में बनाई खास पहचान
सुरेश रैना भारतीय क्रिकेट के प्रमुख ऑलराउंडरों में रहे हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज और उपयोगी ऑफ स्पिनर रैना ने भारत के लिए 18 टेस्ट, 226 वनडे और 78 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। वे 2011 विश्व कप विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहे। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए लंबे समय तक खेलते हुए उन्होंने खास पहचान बनाई और उनके शानदार प्रदर्शन के कारण उन्हें ‘मिस्टर आईपीएल’ के नाम से भी जाना गया। रैना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज के रूप में भी रिकॉर्ड बनाया। 2020 में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी।
चार साल बाद फिर महाकाल की शरण में सुरेश रैना











