उज्जैन में अवैध लकड़ी से भरा वाहन जब्त, चालक गिरफ्तार

* मक्सी रोड इंडस्ट्रियल एरिया में वन विभाग की कार्रवाई, बिना परिवहन पास ले जाई जा रही थी आम और बबूल की लकड़ी
उज्जैन। उज्जैन में वन विभाग ने अवैध लकड़ी से भरा वाहन जब्त किया है। मक्सी रोड इंडस्ट्रियल एरिया में कार्रवाई के दौरान वाहन से आम और बबूल की लकड़ी बरामद हुई। लकड़ी को बिना वैध परिवहन पास के ले जाया जा रहा था। वन विभाग ने वाहन जब्त कर चालक मेहरबान चौहान को गिरफ्तार किया है।
डिप्टी रेंजर अनिल सेन के अनुसार, डीएफओ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वाहन क्रमांक एमपी-13-2376 में बिना परिवहन पास के अवैध रूप से लकड़ी ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम को मक्सी रोड इंडस्ट्रियल एरिया भेजा गया।
टीम ने मौके पर वाहन को रोककर जांच की। जांच में उसमें आम और बबूल की लकड़ी मिली। चालक से लकड़ी के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह वैध परिवहन पास नहीं दिखा सका। इसके बाद वन विभाग ने वाहन और लकड़ी को जब्त कर डिपो में रखवा दिया।
चालक के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई
वन विभाग ने चालक मेहरबान चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ वन विभाग द्वारा संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग अब जब्त लकड़ी की मात्रा और उसकी कीमत का आकलन भी कर रहा है।