* थाने पहुंची महिला का फैसला सुनकर पुलिस भी रह गई हैरान
* 10 साल पहले हुई थी शादी, दो बेटियां भी हैं; डेढ़ साल पहले पड़ोसी गांव के युवक से हुआ प्यार, मंदिर में कर ली शादी
प्यार की कहानियां तो आपने बहुत सुनी होंगी, लेकिन उतरप्रदेश के सीतापुर जिले में अजब गजब प्यार का ऐसा मामला सामने आया है कि पुलिस भी हैरान रह गई। एक विवाहिता ने पुलिस के सामने साफ कह दिया कि वह अपने पति और प्रेमी दोनों के साथ रहेगी। हैरानी की बात यह है कि महिला के पति और प्रेमी को भी उसके इस फैसले पर कोई आपत्ति नहीं है। मामला जब कोतवाली पहुंचा तो देर रात तक समझाइश का दौर चलता रहा, लेकिन तीनों अपने फैसले से पीछे नहीं हटे।
महमूदाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला की करीब 10 साल पहले मुकेश से शादी हुई थी। दंपती की दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र 6 और 8 वर्ष है। मुकेश काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता था। इसी दौरान करीब डेढ़ साल पहले महिला की पड़ोसी गांव के नितिन से मुलाकात हुई। जान-पहचान धीरे-धीरे नजदीकियों में बदली और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया।
पति के रहते प्रेमी से मंदिर में शादी
रिश्ता इतना आगे बढ़ा कि बीती 21 मार्च को महिला ने नितिन के साथ मंदिर में शादी कर ली। मायके वालों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने महिला से नाता तोड़ लिया। इसके बाद महिला अपने पति के घर में ही नितिन के साथ रहने लगी। परिवार ने विरोध किया, लेकिन महिला अपने फैसले पर कायम रही।
पति ने भी नहीं जताई आपत्ति
मामला तब और दिलचस्प हो गया जब पति मुकेश को पत्नी और नितिन के साथ रहने की बात पता चली। उसने दोनों का विरोध नहीं किया। हालांकि मुकेश के परिजनों ने घर से निकालने की बात कही, जिसके बाद शुक्रवार शाम तीनों कोतवाली पहुंच गए।
थाने में महिला ने साफ कहा- दोनों के साथ रहूंगी
कोतवाली में पुलिस ने महिला को काफी समझाया, लेकिन उसने अपना फैसला बदलने से इनकार कर दिया। महिला ने कहा कि वह पति मुकेश और प्रेमी नितिन दोनों के साथ रहना चाहती है। पति और प्रेमी ने भी उसके साथ रहने पर सहमति जताई। कोतवाल भानु प्रताप सिंह के अनुसार, महिला शुक्रवार रात करीब आठ बजे पति, प्रेमी और दोनों बच्चियों के साथ कोतवाली पहुंची थी। काफी समझाने के बावजूद तीनों अपने फैसले पर कायम रहे। दोनों परिवारों ने उन्हें अपने साथ रखने से इनकार कर दिया है। ऐसे में महिला अब पति, प्रेमी और दोनों बेटियों के साथ परिवार से अलग रहने की बात कह रही है।
अजब गजब प्यार… पति और प्रेमी दोनों के साथ रहूंगी













