शाही सवारी मार्ग पर मुख्यमंत्री का पैदल दौरा, विकास कार्यों का लिया जायजा

* कंठाल से सती गेट तक पैदल चले डॉ. मोहन यादव, रहवासियों ने फूल-मालाओं से किया स्वागत; 410 मीटर मार्ग को मिलेगा नया स्वरूप
उज्जैन, 20 अगस्त। बाबा महाकाल की शाही सवारी के प्रमुख मार्ग को सिंहस्थ-2028 के लिए नया स्वरूप देने की तैयारी तेज हो गई है। गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कंठाल चौराहा से सती गेट तक पैदल भ्रमण कर मार्ग चौड़ीकरण और विकास कार्यों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की प्रगति देखने के साथ अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के इंजीनियरों से कार्ययोजना की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्राचीन श्री चिंताहरण गणेश मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने कंठाल चौराहा और प्राचीन श्री सती माता मंदिर द्वार के प्रस्तावित विकास एवं सौंदर्यीकरण की डिजाइन देखी। कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने मुख्यमंत्री को पूरे प्रोजेक्ट की जानकारी दी।
सती गेट से छोटा सराफा तक पैदल निरीक्षण
मुख्यमंत्री सती गेट से छोटा सराफा चौराहा तक पैदल चले और सड़क चौड़ीकरण के काम को करीब से देखा। इस दौरान स्थानीय रहवासियों और दुकानदारों ने पुष्पमाला एवं दुपट्टा पहनाकर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। लोगों द्वारा विकास कार्य में स्वेच्छा से सहयोग किए जाने की मुख्यमंत्री ने सराहना की।
410 मीटर मार्ग होगा 15 मीटर चौड़ा
सिंहस्थ-2028 के लिए कंठाल चौराहा से छत्री चौक तक करीब 410 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। इस मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा और क्षेत्र की खूबसूरती बढ़ाने के लिए व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं। कंठाल चौराहे पर करीब 500 वर्गमीटर क्षेत्र में पेवर ब्लॉक लगाकर सौंदर्यीकरण किया जाएगा। वहीं प्राचीन श्री सती माता द्वार को भी विकसित कर आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक 410 मीटर लंबे मार्ग में करीब 310 मीटर हिस्से में पीसीसी सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। मार्ग चौड़ीकरण में स्थानीय रहवासी और दुकानदार भी आगे आकर सहयोग कर रहे हैं। कई लोगों ने स्वेच्छा से अपने मकान और दुकानों के हिस्से हटाकर सड़क चौड़ीकरण का रास्ता आसान किया है।
शाही सवारी मार्ग बनेगा श्रद्धालुओं के लिए सुगम
बाबा महाकाल की शाही सवारी के दौरान इस मार्ग पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ते हैं। सिंहस्थ-2028 को देखते हुए मार्ग चौड़ीकरण से यहां आवागमन सुगम होने के साथ भीड़ प्रबंधन में भी मदद मिलेगी। विकास कार्य पूरा होने के बाद कंठाल से छत्री चौक तक का यह प्रमुख मार्ग धार्मिक आस्था के साथ शहर के नए स्वरूप की भी पहचान बनेगा। इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बाल योगी संत उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदिशा अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।