* इंदौर गेट के गणेश ट्रेड से जब्त किए थे 8 से ज्यादा बड़े बॉक्स, एमआर-5 ट्रांसफर स्टेशन पर किया नष्ट
उज्जैन। शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक और प्रतिबंधित डिस्पोजल सामग्री से मुक्त कराने के लिए नगर निगम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। इंदौर गेट स्थित गणेश ट्रेड से जब्त किए गए डेढ़ क्विंटल से अधिक प्रतिबंधित डिस्पोजल ग्लास को जेसीबी से कुचलकर नष्ट कर दिया गया। जब्त सामग्री की बाजार कीमत करीब 65 हजार रुपए से अधिक बताई गई है।
नगर निगम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गणेश ट्रेड पर कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित डिस्पोजल ग्लास के 8 से अधिक बड़े बॉक्स जब्त किए थे। निगम ने इन ग्लास को एमआर-5 स्थित ट्रांसफर स्टेशन पहुंचाया, जहां जेसीबी मशीन की सहायता से पूरी सामग्री को नष्ट कर दिया गया। निगम का कहना है कि सामग्री को नष्ट करने का उद्देश्य इसका दोबारा उपयोग या बाजार में वितरण रोकना है।
इंदौर गेट से देवास गेट तक भी चला अभियान
प्रतिबंधित डिस्पोजल ग्लास के खिलाफ कार्रवाई के साथ निगम की टीम ने इंदौर गेट से देवास गेट बस स्टेशन तक स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण भी किया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी और कचरा फैलाने वाले दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। निगम ने विभिन्न दुकानदारों से 12 हजार रुपए से अधिक का जुर्माना वसूला।
स्वच्छता भी, पर्यावरण भी
नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के तहत प्रतिबंधित पॉलीथिन, सिंगल यूज प्लास्टिक और डिस्पोजल सामग्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। निगम का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि व्यापारियों और नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है। निगम ने व्यापारियों और शहरवासियों से प्रतिबंधित पॉलीथिन, सिंगल यूज प्लास्टिक और डिस्पोजल सामग्री का उपयोग व विक्रय नहीं करने तथा इसके स्थान पर पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाने की अपील की है। कार्रवाई उपायुक्त संजेश गुप्ता एवं सहायक आयुक्त राघवेंद्र सिंह पालिया के मार्गदर्शन में स्वच्छता निरीक्षक मुकेश भाटी की उपस्थिति में की गई।










