महाकाल की भस्मारती में शामिल हुए ’कचरा सेठ’

उज्जैन। फिल्म ‘फिर हेरा फेरी’ के चर्चित किरदार ‘कचरा सेठ’ से घर-घर पहचान बनाने वाले प्रसिद्ध अभिनेता मनोज जोशी शुक्रवार सुबह उज्जैन पहुंचे। उन्होंने ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर की प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। भस्म आरती के दिव्य वातावरण में मनोज जोशी भगवान महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए। दर्शन के दौरान उन्होंने मंदिर की धार्मिक परंपराओं और भस्म आरती की अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति का लाभ लिया। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया ने अभिनेता मनोज जोशी का स्वागत एवं सत्कार किया। मंदिर समिति की ओर से उन्हें प्रसाद एवं स्मृति-चिह्न भी भेंट किया गया।
मनोज जोशी हिंदी सिनेमा के साथ रंगमंच और टेलीविजन के भी जाने-माने कलाकार हैं। ‘फिर हेरा फेरी’ के कचरा सेठ के अलावा उन्होंने ‘हंगामा’, ‘हलचल’, ‘धूम’, ‘भागम भाग’, ‘भूल भुलैया’, ‘चुप चुप के’ और ‘देवदास’ जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाई हैं। अभिनय के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित किया जा चुका है।

युवाओं को भगवान महाकाल प्रचंड शक्ति दें….

भस्म आरती के बाद उन्होंने कहा कि मंदिर में आकर जो अनुभूति हुई, उसे शब्दों में बयां करना संभव नहीं है। मनोज जोशी ने कहा, “महाकाल कालों के काल हैं। वे देवों के देव महाकाल हैं। मंदिर में आकर जो दिव्य अनुभूति हुई, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। सुबह 3 बजे से साढ़े पांच बजे तक मंदिर में रहा। इस दौरान जो अनुभूति हुई, वह अद्भुत है।” उन्होंने बाबा महाकाल के चरणों में राष्ट्र और युवाओं के लिए प्रार्थना करते हुए कहा, “मैं महाकाल के चरणों में प्रार्थना करता हूं कि राष्ट्र के युवाओं को भी प्रचंड शक्ति दें और वे राष्ट्र को सर्वोपरि मानें। भगवान महाकाल सभी का कल्याण करें।”