* उज्जैन में विद्युत वितरण कंपनी के सहायक यंत्री का अनूठे अंदाज में मना जन्मदिन
* केक के पास 500 के नोटों की गड्डियां, छुट्टी के दिन ऑफिस में जश्न

रविवार को छुट्टी के दिन महाकाल नगरी उज्जैन में मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के सहायक यंत्री के सरकारी दफ्तर में ढोल नगाड़ों के साथ एक साहब की हाथी पर एंट्री हुई तो लोग हैरान रह गए। दरअसल, रविवार को सहायक यंत्री रविकांत।मालवीय का जन्मदिन इसी अनूठे अंदाज़ में मनाया गया। दफ्तर की टेबल पर ही केक काटा गया और उसके पास 500 के नोटों की गड्डियों के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।
छुट्टी के दिन मालवीय का जन्मदिन होने पर उनके साथियों ने इसी अंदाज में जन्मदिन का जश्न मनाया। चर्चा इस बात की है कि छुट्टी के दिन दफ्तर खोला गया और उसी में जन्मदिन मनाया गया। वीडियो में मालवीय हाथी पर पालकी में बैठ दफ्तर पहुंचे और हाथी ने ही उनको सूंड से गुलाब के फूलों की महंगी माला पहनाई। केक के साथ नोटों की गड्डियां दिखाई दीं तो इसकी चर्चा ने जोर पकड़ लिया। शहर में इस तरह पहली बार किसी अधिकारी का जन्मदिन मनाया गया। उनके साथियों ने एंट्री के समय खूब ढोल भी बजवाए।
केक के साथ नोट किसके
इस जन्मदिन को लेकर लोगों में यह जिज्ञासा भी उठी कि आखिर इतने नोट किसके हैं। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई लेकिन नोटों का संबंध किससे है, इसको लेकर चर्चा जरूर हो रही है। दफ्तर में ही केक काटा गया और सभी को बांटा गया। दफ्तर में जन्मदिन मनाने की अनुमति वरिष्ठ अधिकारियों से ली गई या नहीं, इसको लेकर भी चर्चा जोर पकड़ रही है।











