उज्जैन। बाइक पर साड़ी में बैठी दुल्हन… पीछे से लहराता पल्लू और आगे बाइक दौड़ाता युवक। गांव से गुजर रहे इस जोड़े को देखकर किसी को भी लगा कि शायद नई नवेली दुल्हन ससुराल जा रही है। लेकिन जैसे ही ग्रामीणों ने बाइक रुकवाई और दुल्हन का पल्लू उठाकर चेहरा देखा, पूरा माजरा ही बदल गया। सामने महिला नहीं, बल्कि एक युवक था।
मामला उज्जैन जिले के चिरोला गांव का है। खरसोद कला निवासी आदित्य पिता जगदीश अपने साथ चिंतामन जवासिया निवासी संदीप पिता दुलीचंद को बाइक पर बैठाकर ले जा रहा था। संदीप ने साड़ी पहन रखी थी और पल्लू से चेहरा ढंक रखा था। दूर से वह बिल्कुल दुल्हन जैसा नजर आ रहा था।
लेकिन चिरोला गांव में ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी तो उन्हें कुछ गड़बड़ लगी। साड़ी में बैठे व्यक्ति के हाव-भाव देखकर ग्रामीणों ने बाइक रुकवा ली। पूछताछ के बाद जब पल्लू हटाकर चेहरा देखा गया तो ग्रामीणों के होश उड़ गए। जिसे अब तक दुल्हन समझा जा रहा था, वह युवक निकला। इसके बाद मौके पर हंगामा हो गया। ग्रामीणों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की और पुलिस को सूचना दे दी। भाटपचलाना पुलिस दोनों को थाने ले गई।
थाना प्रभारी सत्येंद्र चौधरी के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि साड़ी पहनने वाला संदीप मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक आदित्य ने उसे साड़ी पहनने के लिए राजी किया था। दोनों इस तरह गांव से क्यों गुजर रहे थे, इसे लेकर पुलिस ने पूछताछ की।
बाइक पर बैठ जा रही थी दुल्हन, पल्लू उठाया तो… माजरा देख हो गए हैरान!











