रुपए की जरूरत पड़ी तो 70 वर्षीय वृद्धा ने घर की अलमारी खोली, लेकिन अंदर का सामान देखते ही उनके होश उड़ गए। अलमारी से सोने की चेन, अंगूठी और 2 हजार रुपए नकद गायब थे। काफी तलाश के बाद भी जब सामान नहीं मिला तो वृद्धा थाने पहुंचीं। उन्होंने घर में काम करने वाली नौकरानी पर चोरी की शंका जताई है।
मामला चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर का है। यहां जसोदाबाई पति मंगल, उम्र 70 वर्ष, अकेली रहती हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी जगह रहते हैं। पुलिस के अनुसार गत दिनों उनके घर से अलमारी में रखी नकदी और जेवर चोरी हो गए।
जसोदाबाई को चोरी का पता तब चला, जब उन्हें रुपयों की जरूरत हुई। अलमारी में तलाश करने पर नकदी और जेवर नहीं मिले। उन्होंने घर के अन्य हिस्सों में भी सामान तलाशा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी और नौकरानी पर शंका जाहिर की। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नौकरानी को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घर से जेवर और नकदी कब और कैसे गायब हुए।
महाकाल नगरी में एक महिला ने अलमारी खोली तो जेवर नकदी गायब











