50 किलो से ज्यादा गांजा लेकर बगैर नंबर की कार से डिलीवरी देने निकले थे तीन तस्कर, चेकिंग में पुलिस के हत्थे चढ़े
उज्जैन। ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप लेकर उज्जैन पहुंचे तीन तस्कर डिलीवरी देने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने कानीपुरा रोड पर चेकिंग के दौरान बगैर नंबर की कार रोककर तलाशी ली तो डिक्की से झोले और दो सूटकेस में गांजे के पैकेट मिले। तौल कराने पर गांजे की मात्रा 50 किलो 372 ग्राम निकली, जिसकी कीमत करीब 5 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।
थाना प्रभारी विवेक कानोड़िया ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन युवक ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप लेकर उज्जैन आए हैं और कुछ देर बाद कानीपुरा रोड से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद बगैर नंबर की संदिग्ध कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार तीनों युवक भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। कार की तलाशी ली गई तो डिक्की में रखे झोलों और दो सूटकेस से गांजे के पैकेट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आदर्श पिता रमेशचंद नायक निवासी इटावा, तराना, तेजस पिता बहादुर वर्मा निवासी देवनगर, कानीपुरा रोड और साहिल पिता हाकिम हेला निवासी बड़ा मोहल्ला, पानबिहार बताए। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के भुवनेश्वर से गांजा लेकर उज्जैन आए थे। यहां जिले में इसकी डिलीवरी की जानी थी।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 50 किलो 372 ग्राम गांजा और बगैर नंबर की कार जब्त कर ली है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गांजे की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
ओडिशा से उज्जैन लाई 5.50 लाख रुपए की गांजे की खेप पकड़ी











