कांग्रेस और राजद की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय मां के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के विरुद्ध पूरे देश में आक्रोश उत्पन्न हो गया है। महाकाल नगरी उज्जैन में भी भाजपा ने इसके विरोध में हल्ला बोल रैली निकालने और कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया है।
कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्व. माताजी के लिए अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में नगर भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। कल 1 सितंबर को शाम 4 बजे भाजपा नगर व महिला मोर्चा द्वारा विशाल हल्ला बोल रैली निकाली जाएगी और कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया जाएगा। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिनेश जाटवा ने बताया भाजपा कार्यालय लोकशक्ति भवन पर बैठक नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें तय किया गया कि प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर स्थानीय चामुण्डा माता चौराहे से कांग्रेस कार्यालय तक हल्ला बोल रैली निकाली जाएगी और कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। सांसद अनिल फिरोजिया, उज्जैन उत्तर के विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा सहित नगर निगम उज्जैन की अध्यक्ष कलावती यादव, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती, जगदीश पांचाल आदि उपस्थित थे। बैठक में भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा व प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देशानुसार पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
