भोपाल से newjline.com के लिए सुदेश नागर की रिपोर्ट
प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार प्रशासनिक कसावट के लिए कई जिलों के कलेक्टर बदलने की तैयारी में है। जिन जिलों में सीईओ जिला पंचायत नहीं हैं, वहां भी अफसरों की पदस्थापना की जा सकती है। सितंबर में यह बड़ा बदलाव होने की संभावना है, जिससे अफसरों में हलचल मची हुई है। उज्जैन में संभागायुक्त पद पर भी पदस्थापना संभावित है।
प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि आगर मालवा, धार, बड़वानी, रीवा, मुरैना, मैहर, आलीराजपुर और पांढुरना के कलेक्टर बदले जा सकते हैं। यहां पर कलेक्टर लंबे समय से काम कर रहे हैं। उज्जैन संभाग में अभी स्थाई संभागायुक्त नहीं है। 31 जुलाई को संभागायुक्त संजय गुप्ता के सेवानिवृत्त होने के बाद से यह जिम्मेदारी अतिरिक्त आयुक्त रत्नाकर झा संभाल रहे हैं। इसी तरह बड़वानी जिले में कलेक्टर गुंचा सनोबर अवकाश पर हैं और प्रभार काजल जावला के पास है। कई जिला पंचायतों में भी प्रभारी सीईओ काम संभाल रहे हैं। सरकार की नजर उन अफसरों पर भी है जो लंबे समय से मुख्यधारा में हैं लेकिन वे अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए। ऐसे अफसरों को मुख्यधारा से हटाया जा सकता है। इन अधिकारियों के कारण केंद्र और राज्य की योजनाएं प्रभावित हो रही हैं।
बड़वानी प्रभारी कलेक्टर से प्रभारी मंत्री टेटवाल नाराज़
बड़वानी की प्रभारी कलेक्टर से नाराज के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक नोटशीट भेजकर प्रभारी कलेक्टर काजल जावला को हटाने की मांग की है। बड़वानी कलेक्टर गुंचा सनोवर मेटरनिटी लिव पर हैं, इसलिए जिला पंचायत सीईओ जावला को प्रभार सौंपा गया है। टेटवाल ने यादव को पत्र लिखकर कहा है कि जावला को हटाया जाए। स्वतंत्रता दिवस पर भाजपा नेताओं ने जावला की शिकायत टेटवाल से की थी।
ये कलेक्टर बदले जा सकते, क्योंकि…
इन जिलों में कलेक्टर लंबे समय से पदस्थ हैं, इसलिए बदलने की संभावना। हालांकि अभी नए नाम तय नहीं।
1. कलेक्टर प्रतिभा पाल रीवा में दो साल से ज्यादा समय 28 माह से पदस्थ हैं। उन्होंने 6 अप्रैल 2023 को ज्वाइन किया था।
2. कलेक्टर प्रियंक मिश्रा धार में करीब तीन साल से पदस्थ हैं।11 नवंबर 2022 से वे जिले के मुखिया हैं।
3. कलेक्टर राघवेंद्र सिंह भी आगर मालवा में पिछले 25 महीने से पदस्थ हैं। 13 जुलाई 2023 से वे आगर मालवा में हैं।
4. कलेक्टर अंकित अस्थाना 9 नवंबर 2022 से मुरैना में हैं। इस तरह उनका कार्यकाल भी 33 महीने हो गया है।
5. कलेक्टर रानी बाथड 22 माह से मैहर कलेक्टर के रूप में काम कर रही हैं।
6. कलेक्टर डॉ. अभय अरविंद बेडेकर 25 माह से आलीराजपुर में हैं। उन्होंने 12 जुलाई 2023 को ज्वाइन किया था।
7. कलेक्टर अजय देव शर्मा भी 25 माह से पांढुर्णा में जमे हुए हैं।
