* यूपी कांग्रेस मुख्यालय में पदभार ग्रहण से पहले हंगामा
* अजय राय के समर्थकों पर चले जूते-चप्पल, अपशब्द भी कहे!
* आराधना मिश्रा के अध्यक्ष बनने से पहले भिड़े कांग्रेसी, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की भी
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा के पदभार ग्रहण करने से ठीक पहले रविवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय में जमकर हंगामा हुआ। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद उनके समर्थकों और दूसरे पक्ष के बीच विवाद इतना बढ़ा कि गाली-गलौज और धक्का-मुक्की के बाद जूते-चप्पल चलने लगे। मारपीट में कुछ महिलाओं के भी शामिल होने की बात सामने आई है।
घटना के दौरान अजय राय बेहद नाराज हो गए और पार्टी कार्यालय से बाहर जाने लगे। इसी बीच राज्यसभा सांसद और नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के पिता प्रमोद तिवारी मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने अजय राय को समझाकर शांत करने की कोशिश की। काफी मान-मनौव्वल के बाद राय वापस लौटे। इसके बाद नए प्रदेश अध्यक्ष के पदभार ग्रहण का औपचारिक कार्यक्रम हुआ। अजय राय कार्यक्रम शुरू होने से कुछ समय पहले ही पार्टी मुख्यालय पहुंच गए थे। वह आराधना मिश्रा और अन्य पदाधिकारियों के आने का इंतजार करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष के कक्ष की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पार्टी की महिला इकाई की मध्य जोन की निवर्तमान अध्यक्ष ममता चौधरी और उनके समर्थकों की ओर से अजय राय पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। राय ने इसका जवाब दिया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और धक्का-मुक्की में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान कुछ समर्थकों ने जूते-चप्पल निकालकर दूसरे पक्ष के लोगों को पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में कई महिलाएं भी शामिल हो गईं।
विवाद बढ़ने पर अजय राय गुस्से में पार्टी कार्यालय से बाहर निकलने लगे। इसी दौरान प्रमोद तिवारी परिसर में पहुंचे। बताया जाता है कि उन्हें अजय राय के साथ हुए घटनाक्रम की जानकारी मिल चुकी थी। उन्होंने राय को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह बेहद नाराज थे। अजय राय ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें अपमानित किया जा रहा है और गाली दी जा रही है। प्रमोद तिवारी उन्हें लगातार शांत कराने में जुटे रहे। काफी देर तक समझाने के बाद अजय राय वापस लौटे। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष के पदभार ग्रहण का कार्यक्रम पूरा किया गया। पार्टी मुख्यालय में पदभार ग्रहण जैसे महत्वपूर्ण अवसर से ठीक पहले हुई इस घटना ने कांग्रेस के भीतर आपसी खींचतान को सामने ला दिया।












