* राजस्थान के झुंझुनूं में सरपंच चुनाव की चर्चा में, अनीता सैनी बोलीं, दुल्हन ढूंढने से लेकर बारात ले जाने तक की जिम्मेदारी मेरी
Newjline.com report
राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सरपंच पद की महिला प्रत्याशी अनीता सैनी ने ऐसा वादा कर दिया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया है। झाझड़ गांव की अनीता ने कहा है कि अगर मैने चुनाव जीता तो गांव के सभी कुंवारे युवकों की शादी करा दूंगी। बोलीं, दुल्हन ढूंढने से लेकर बारात ले जाने तक की जिम्मेदारी मेरी। उनका यह अनोखा चुनावी वादा इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
चुनाव प्रचार के दौरान अनीता सैनी ने कहा कि गांव में कोई ऐसा युवक है, जिसे शादी के लिए दुल्हन नहीं मिल रही है, तो उसकी जिम्मेदारी वह लेंगी। उन्होंने दावा किया कि जरूरत पड़ने पर दूसरे गांवों में जाकर दुल्हन तलाशेंगी। इसके लिए एक-दो दिन कहीं रुकना पड़े या झाझड़ गांव से बारात ले जाने के लिए ट्रेन तक की व्यवस्था करनी पड़े, तो भी पीछे नहीं हटेंगी।
विकास के वादों से अलग चर्चा में आया चुनावी मुद्दा
आमतौर पर पंचायत चुनावों में उम्मीदवार गांव की सड़कें, पेयजल, सफाई, बिजली और दूसरी बुनियादी सुविधाओं को लेकर वोट मांगते हैं। ऐसे में कुंवारे युवकों की शादी कराने का वादा चुनाव प्रचार में एक अलग ही मुद्दा बन गया है।
अनीता सैनी के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग उनके वादे पर चर्चा कर रहे हैं। अब देखना होगा कि उनका यह अनोखा चुनावी दांव मतदाताओं को कितना आकर्षित करता है।











