भैरवगढ़ में दो बाइकों की भिड़ंत, 25 वर्षीय युवक की मौत

* भान बड़ोदिया में बस की टक्कर से घायल एक और ने तोड़ा दम

उज्जैन। शहर और आसपास के क्षेत्रों में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। भैरवगढ़ थाना क्षेत्र में उन्हेल रोड पर मदरसे के पास गुरुवार रात करीब 10:30 बजे दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में नीलगंगा मल्टी निवासी 25 वर्षीय छोटू पिता हामिद की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, छोटू को 108 महाकाल एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल के चरक भवन लाया गया था। यहां रात करीब 11:05 बजे डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की गई।
गुरुवार दोपहर भान बड़ोदिया के तेज रफ्तार बस की टक्कर से घायल शंकरलाल पिता पन्नालाल ने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद शंकरलाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उसकी भी जान नहीं बचाई जा सकी। शुक्रवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। गुरुवार को बिशनखेड़ी निवासी मांगीलाल पिता देवीलाल और मनोहर पिता सुखराम की मौत हो गई थी। तीनों गेहूं लेने के लिए बाइक से उज्जैन आ रहे थे, उसी दौरान बस ने टक्कर मार दी थी।