उज्जैन में चलते ई-रिक्शा में लगी आग, कूदकर बाहर निकले यात्री

* बैटरी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Newjline.com report
शहर के मक्सी रोड स्थित गोपालपुरा ब्रिज पर शुक्रवार तड़के चलती ई-रिक्शा में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ई-रिक्शा में उस समय सवारियां बैठी हुई थीं। आग की लपटें उठते ही यात्रियों में घबराहट फैल गई, लेकिन चालक ने तत्काल वाहन रोक दिया। सवारियों ने आनन-फानन में बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। ई-रिक्शा चालक मोहन सिंह मेहरबान सिंह सिसोदिया (40), निवासी देसाई नगर, शुक्रवार तड़के वाहन लेकर गोपालपुरा ब्रिज से गुजर रहे थे। इसी दौरान ई-रिक्शा की बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई। चलते वाहन से धुआं और आग उठते देख चालक ने तुरंत ई-रिक्शा रोक दिया। आग लगते ही ई-रिक्शा में बैठी सवारियां बाहर निकल गईं। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि, आग से ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन समय रहते यात्रियों के बाहर निकलने से बड़ा हादसा टल गया।
चलते ई-रिक्शा में आग लगने की घटना ने एक बार फिर बैटरी चालित वाहनों की सुरक्षा और उनकी नियमित जांच की जरूरत को रेखांकित किया है।