संभागायुक्त, एडीजी और आईजी ने लिया तैयारियों का जायजा, भीड़ बढ़ने के साथ लागू होगा क्राउड मैनेजमेंट
Newjline.com report
नवरात्रि में देवास की माताजी टेकरी पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी। दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और भीड़ का दबाव एक ही स्थान पर न बढ़े, इसके लिए दो होल्डअप एरिया तैयार किए गए हैं। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। भीड़ बढ़ने के साथ ही उसी अनुपात में प्रबंधन व्यवस्था लागू की जाएगी।
नवरात्रि की तैयारियों का जायजा लेने उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता और आईजी नवनीत भसीन ने माताजी की टेकरी का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मार्ग व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए। संभागायुक्त ने प्रमुख स्थानों पर शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।
भीड़ को रोकना नहीं, व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाना लक्ष्य
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ क्राउड मैनेजमेंट की व्यवस्था भी उसी के अनुरूप लागू की जाएगी। दो होल्डअप एरिया इसी उद्देश्य से तैयार किए गए हैं। प्रशासन की कोशिश रहेगी कि श्रद्धालुओं को इन स्थानों पर कम से कम समय तक रुकना पड़े और उन्हें लगातार आगे बढ़ाते हुए दर्शन की व्यवस्था सुचारु रखी जाए।
धूप से बचाव के लिए टेंट, जमीन पर कार्पेट
श्रद्धालुओं को धूप और गर्मी से राहत देने के लिए मार्गों पर टेंट लगाकर छाया की व्यवस्था की गई है। जमीन पर कार्पेट बिछाने का काम भी पूरा कर लिया गया है। अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों के जरिए भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कदम उठाए जा सकें।
नगर निगम भवन के पास पार्किंग
पुलिस अधीक्षक गेहलोत ने बताया कि नगर निगम भवन के समीप पार्किंग स्थल चिह्नित किया गया है। किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार ने स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े इंतजामों की जानकारी दी। नवरात्रि के दौरान प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन उपलब्ध कराना है। भीड़ नियंत्रण, निगरानी और बुनियादी सुविधाओं के इंतजामों के बीच अब चुनौती इन व्यवस्थाओं को श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के अनुरूप प्रभावी बनाए रखने की होगी।
नवरात्रि से पहले देवास टेकरी पर दो होल्डअप एरिया, सीसीटीवी से रहेगी नजर











