भोपाल में युवक और नाबालिग प्रेमिका के शव फंदे पर मिले

* नेपाल का रहने वाले युवक का बैतूल की किशोरी से चल रहा था प्रेम प्रसंग

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र में एक युवक और नाबालिग किशोरी के शव फंदे पर लटके मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग होने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवक भोपाल में किराए के कमरे में रहकर काम करता था। इसी कमरे में युवक और किशोरी के शव फंदे पर लटके मिले। काफी देर तक कमरे में हलचल नहीं होने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद घटना का खुलासा हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था, जबकि किशोरी बैतूल जिले की निवासी बताई जा रही है। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चलने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। सूचना मिलने पर हबीबगंज पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है। सुसाइड नोट मिलने या नहीं मिलने के संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। मामले में प्रेम प्रसंग के अलावा अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।