* योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी, मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर तोहफा
Newjline.com report
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में बन रहे जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखा जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में कैबिनेट बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी घोषणा की। राज्य मंत्रिपरिषद ने एयरपोर्ट का नाम ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद ने उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन देश के इतिहास में गौरवशाली अध्याय के रूप में दर्ज हुआ है। प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सेवा यात्रा जनसेवा से जनकल्याण और जनभागीदारी से जनविश्वास की मिसाल है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश का रिश्ता बेहद आत्मीय है। वर्ष 2014 में काशी आगमन के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा था कि उन्हें मां गंगा ने बुलाया है। काशी और मां गंगा से शुरू हुआ यह संबंध समय के साथ और गहरा हुआ है। मुख्यमंत्री के अनुसार, केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों से उत्तर प्रदेश में विकास की नई संभावनाएं बनी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश प्रशासनिक अस्थिरता, असुरक्षा की भावना और बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसी चुनौतियों से जूझ रहा था। प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता से प्रेरणा लेकर प्रदेश ने शासन की नई कार्यसंस्कृति अपनाई। आज सुशासन, मजबूत कानून-व्यवस्था, आधुनिक बुनियादी ढांचे और निवेश के अनुकूल माहौल के कारण उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। जेवर हवाई अड्डे का नाम प्रधानमंत्री के नाम पर रखने के प्रस्ताव को इसी राजनीतिक और विकास संबंधी संदर्भ में एक महत्वपूर्ण फैसले के रूप में देखा जा रहा है।











