विधायक प्रीतम लोधी का बेटा दूसरी बार फरार घोषित, स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी

* हत्या के प्रयास के मामले में लगातार पेशियों से रहा नदारद, तीन महीने में दूसरी बार अदालत ने अपनाया सख्त

Newjline.com report
ग्वालियर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी की मुश्किलें अब और बढ़ गई हैं। हत्या के प्रयास के मामले में लगातार अदालत से गैरहाजिर रहने पर ग्वालियर जिला कोर्ट ने उसे फरार घोषित करते हुए स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। खास बात यह है कि करीब तीन महीने के भीतर दिनेश के खिलाफ दूसरी बार ऐसा आदेश जारी हुआ है। दो अलग-अलग मामलों में अदालत की सख्ती के बाद अब पुलिस पर उसकी गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया है।
मामला ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के प्रयास के प्रकरण से जुड़ा है। अदालत में उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, दिनेश लोधी 22 जुलाई 2024 को आखिरी बार व्यक्तिगत रूप से पेश हुआ था। इसके बाद 23 अगस्त 2024 से 16 मार्च 2026 तक हुई कई पेशियों में वह अदालत नहीं पहुंचा। उसकी ओर से लगातार हाजिरी माफी के आवेदन लगाए जाते रहे, लेकिन नियमित गैरहाजिरी का सिलसिला नहीं थमा। सुनवाई के दौरान पुलिस की ओर से अदालत को बताया गया कि दिनेश लोधी ज्यादातर समय शिवपुरी जिले के पिछोर में रहता है और कभी-कभार ही ग्वालियर आता है। लगातार अनुपस्थिति और गिरफ्तारी वारंट की तामील नहीं होने को देखते हुए अदालत ने उसे फरार घोषित करने के साथ स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश दिया।
दिनेश लोधी के लिए यह पहला मामला नहीं है, जिसमें अदालत ने उसके खिलाफ सख्त कदम उठाया हो। जुलाई में ग्वालियर की विशेष एससी-एसटी अदालत ने एक अन्य मामले में उसे फरार घोषित करते हुए स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। अब हत्या के प्रयास के मामले में भी इसी तरह की कार्रवाई होने से उसकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
दो अलग-अलग मामलों में स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद दिनेश लोधी की गिरफ्तारी पुलिस के सामने बड़ी चुनौती है। लगातार अदालत में गैरहाजिरी के चलते अब यह देखना अहम होगा कि पुलिस उसे कब तक गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करती है। फिलहाल अदालत के आदेश के बाद मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।