माधव नगर अस्पताल को डॉ. अमित सोनी के रूप में मिला नया प्रभारी

सीएमएचओ डॉ. विक्रम रघुवंशी ने जारी किया आदेश, अस्पताल को 100 बेड का बनाने पर रहेगा जोर
उज्जैन। माधव नगर अस्पताल के प्रभारी डॉ. विक्रम रघुवंशी के सीएमएचओ बनने के बाद अब अस्पताल की जिम्मेदारी कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित सोनी को सौंपी गई है। सीएमएचओ डॉ. विक्रम रघुवंशी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
आदेश के बाद गुरुवार से डॉ. अमित सोनी माधव नगर अस्पताल के प्रभारी के रूप में कार्य करेंगे। अस्पताल को बेहतर व्यवस्थाओं के साथ 100 बेड का अस्पताल बनाने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
डॉ. अमित सोनी पिछले 5 वर्षों से अधिक समय से माधव नगर अस्पताल में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले सभी मरीजों को बेहतर इलाज मिले, इसके लिए प्रयास किए जाएंगे। खासतौर पर कैंसर मरीजों के लिए आईसीयू और ओपीडी की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी काम किया जाएगा।
नए प्रभारी की नियुक्ति के साथ माधव नगर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद जगी है।