उज्जैन के मेडिकल डिवाइस पार्क के लिए मुंबई में निवेश की तलाश

* मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उद्योगपतियों के सामने रखेंगे प्रस्ताव
* महाकाल नगरी में मेडिकल उपकरण उद्योग का बड़ा केंद्र बनाने की तैयारी
Newjline report
उज्जैन में आकार ले रहे मेडिकल डिवाइस पार्क को बड़े निवेश की जमीन तैयार करने के लिए मध्यप्रदेश सरकार अब देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में उद्योगपतियों के सामने पेश करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को मुंबई में फार्मा और मेडिकल डिवाइस क्षेत्र के प्रमुख उद्योगपतियों से संवाद करेंगे। इस दौरान उज्जैन मेडिकल डिवाइस पार्क का विशेष प्रेजेंटेशन (परियोजना प्रस्तुतिकरण) दिया जाएगा।
जनवरी 2027 में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (वैश्विक निवेशक सम्मेलन) से पहले मुख्यमंत्री का यह संवाद उज्जैन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार की कोशिश है कि मेडिकल डिवाइस क्षेत्र की बड़ी कंपनियों को उज्जैन में निवेश के लिए आकर्षित किया जाए और पार्क को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप विकसित किया जाए।
मुंबई में होने वाली राउंडटेबल (गोलमेज चर्चा) में फार्मा और मेडिकल डिवाइस सेक्टर के उद्योगपतियों के साथ सीधे संवाद होगा। मुख्यमंत्री उन्हें उज्जैन में उपलब्ध निवेश संभावनाओं और प्रस्तावित मेडिकल डिवाइस पार्क की जानकारी देंगे।
बैठकों में निवेशकों से जमीन, बिजली, लॉजिस्टिक्स (परिवहन एवं माल ढुलाई), कुशल मानव संसाधन और नीतिगत सहयोग जैसे विषयों पर सीधी चर्चा होगी। उद्योगों की जरूरत और सुझावों के आधार पर निवेश सुविधा व्यवस्था को और बेहतर करने की योजना है।
चार औद्योगिक परियोजनाओं में उज्जैन का प्रोजेक्ट अहम
मुंबई संवाद में मध्यप्रदेश के चार प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को निवेशकों के सामने रखा जाएगा। इनमें ग्वालियर का टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन, नर्मदापुरम का रिन्यूएबल एनर्जी इक्विपमेंट जोन, धार का पीएम मित्र पार्क और उज्जैन का मेडिकल डिवाइस पार्क शामिल है। इनमें उज्जैन का मेडिकल डिवाइस पार्क फार्मा और चिकित्सा उपकरण क्षेत्र के निवेशकों के लिए विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।
विदेशी निवेश तक पहुंच बनाने की कोशिश
मुख्यमंत्री मुंबई में भारत स्थित विदेशी मिशनों के प्रतिनिधियों से भी संवाद करेंगे। इसके जरिए मध्यप्रदेश और खासकर उज्जैन में विकसित किए जा रहे औद्योगिक अवसरों को अंतरराष्ट्रीय निवेश नेटवर्क तक पहुंचाने की कोशिश होगी।
मुख्यमंत्री का मुंबई दौरा सुबह से रात तक चलेगा। वे उद्योगपतियों के साथ सामूहिक संवाद के अलावा वन-टू-वन (व्यक्तिगत) बैठकें भी करेंगे। जनवरी 2027 के ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों के बीच उज्जैन के मेडिकल डिवाइस पार्क को निवेशकों के सामने सीधे रखने को सरकार की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।