कृति या विकृति…भाई की कलाई पर बोल्ड कपड़ों में क्यों बांधी राखी

* एक्टर कंगना ने कहा बिकिनी  या अंडरगार्मेंट जैसे कपड़े पहनने की क्या जरूरत

मुंबई। रक्षाबंधन आया तो भाई की कलाई पर राखी सजी, बहनों ने तैयार होकर पूजा की थाली सजाई…लेकिन इस बार एक ज्वेलरी विज्ञापन ने राखी के त्योहार में फैशन का ऐसा तड़का लगा दिया कि सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। विज्ञापन में अभिनेत्री कृति सेनन का लुक देखकर लोग ज्वेलरी भूल गए और सीधे उनके आउटफिट पर पहुंच गए। विज्ञापन में एक पालतू कुत्ते को भी परिवार के सदस्य के तौर पर दिखाया गया है और कृति उसे राखी बांधती नजर आती हैं।
रक्षाबंधन के लिए बनाए गए ज्वेलरी ऐड में कृति इंडो-वेस्टर्न लुक में दिखाई दे रही हैं। ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, ऊपर केप और ड्रेप्ड स्कर्ट वाला उनका अंदाज ग्लैमरस तो है, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स को यह रक्षाबंधन के पारंपरिक माहौल से मेल नहीं खाया। बस फिर क्या था…राखी के ऐड में कपड़ों पर ही महाभारत शुरू हो गई।
कंगना ने पूछा- इतने कपड़ों में यही क्यों?
विवाद में बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत भी कूद पड़ीं। सोमवार शाम इंस्टाग्राम स्टोरी पर उन्होंने जमकर सवाल उठाए।
कंगना ने कहा कि आज की महिला के पास कपड़ों के विकल्पों की कोई कमी नहीं है। कॉकटेल ड्रेस से लेकर लहंगा-चोली, जींस से साड़ी और बिकिनी से सलवार-कमीज तक सब कुछ उपलब्ध है। फिर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए बिकिनी या अंडरगारमेंट जैसा पहनावा क्यों चुना गया? कंगना ने इस विज्ञापन को जानबूझकर अजीब और असहज करने वाला तक बता दिया।
सोशल मीडिया पर भी खूब चली कैंची
कृति का ऐड सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने भी अपने-अपने अंदाज में कमेंट करना शुरू कर दिया। एक यूजर ने तंज कसते हुए पूछा- “पूजा की थाली कहां है? भाई के सामने ब्रा क्यों पहन रही हैं? क्या ये रक्षाबंधन है? तिलक कहां है?” एक अन्य यूजर ने लिखा कि ब्रांड और विज्ञापन एजेंसी को अच्छी तरह पता था कि वे क्या कर रहे हैं। कुछ यूजर्स ने तो यहां तक कह दिया कि रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार पर ऐसा पहनावा बिल्कुल उचित नहीं है। यानी विज्ञापन में ज्वेलरी चमक रही थी, लेकिन सोशल मीडिया पर कृति का आउटफिट ही सबसे ज्यादा चमक गया।
जर्मनी में पली सुजैन भी बोलीं- ये हद से ज्यादा गलत
विवाद में अभिनेत्री सुजैन बर्नर्ट की एंट्री ने भी मामला गरमा दिया। जर्मनी में जन्मी और पली-बढ़ी सुजैन ने एक्स पर लिखा कि उनकी “लिबरल और जर्मनी में पली-बढ़ी” सोच के हिसाब से भी यह विज्ञापन हद से ज्यादा गलत है।
उन्होंने रक्षाबंधन को गहरे मायने रखने वाला खूबसूरत त्योहार बताते हुए कहा कि यह विज्ञापन ऐसा लगता है जैसे संदेश हो- “चलो, पार्टी करने चलते हैं।”
फिलहाल कृति सेनन ने इस पूरे विवाद पर चुप्पी साध रखी है। लेकिन सोशल मीडिया पर सवाल यही घूम रहा है—राखी के ऐड में ज्वेलरी दिखानी थी या आउटफिट से तहलका मचाना था?