- नगर परिषद अध्यक्ष कविता शर्मा की पहल पर भूमिगत पाइप डालने का काम शुरू
- सीएमओ मनोहर सिंह जावरिया ने दिखाई तत्परता
पीपलरावां से विष्णु शिंदे की रिपोर्ट
नगर के मुख्य सब्जी बाजार में लंबे समय से बनी गंदे पानी की समस्या के समाधान की दिशा में नगर परिषद ने काम शुरू कर दिया है। नगर परिषद अध्यक्ष कविता शर्मा की पहल पर नाली की खुदाई कर लोहे का पाइप डाला जा रहा है। इससे ओशोधाम की ओर से आने वाले गंदे पानी की निकासी भूमिगत तरीके से हो सकेगी और बाजार में दुकानदारों व राहगीरों को होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।

ओशोधाम की ओर से निकलने वाला गंदा पानी मुख्य सब्जी बाजार में बहने के कारण लंबे समय से असुविधा बनी हुई थी। इससे बाजार की स्वच्छता और व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद अध्यक्ष कविता शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनोहर सिंह जावरिया की तत्परता से पाइप डालने का कार्य शुरू कराया गया।
बाजार की स्वच्छता और व्यवस्था पर जोर

नगर परिषद अध्यक्ष कविता शर्मा ने स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही नहीं बरतने की बात कही। उन्होंने बाजार को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया। नगर परिषद का उद्देश्य शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर कर स्वच्छता सर्वेक्षण में भी अच्छा स्थान हासिल करना है। कार्य के दौरान पार्षद देवनारायण शर्मा, स्वच्छता दरोगा प्रहलाद शिंदे सहित संबंधित कर्मचारी सहयोग कर रहे हैं।











